टीकमगढ़ में गुरुवार शाम पुलिस अधीक्षक (एसपी) आलोक कुमार ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए व्यापारियों और आमजन से संवाद किया, साथ ही लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
.
यह फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों जैसे मिश्रा तिराहा, लुकमान चौराहा, कटरा बाजार, जवाहर चौक, पुरानी नगर पालिका, लक्ष्मी टॉकीज, सुभाष बुक डिपो, स्टेट बैंक चौराहा, गांधी चौराहा, घंटा घर, पुराना बस स्टैंड और जयस्तंभ से गुजरा। यह पुनः कोतवाली परिसर में समाप्त हुआ।
एसपी आलोक कुमार ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना और समाज-विरोधी व आपराधिक तत्वों में कानून का भय स्थापित करना है।
जवाहर चौराहा पर पुलिस अधीक्षक ने बाजार क्षेत्रों में व्यापारियों और आमजन से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। एसपी ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर पार्क करने और दुकानों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की भी समझाइश दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए हमेशा तत्पर है। एसपी ने सभी व्यापारियों और आमजन से सहयोग करते हुए शहर में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाने में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता बनाए रखने का आग्रह किया। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सजगता और तत्परता के साथ प्रतिबद्ध है।
इस फ्लैग मार्च में एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव, थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक बृजेंद्र सिंह घोष, सूबेदार उत्तम सिंह सहित थाना कोतवाली, देहात, अजाक, महिला थाना और पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
