दतिया जिले में रेत परिवहनकर्ताओं ने रेत ठेकेदार और पुलिस की कथित अवैध वसूली के विरोध में आज (गुरुवार) अनिश्चितकालीन रेत सप्लाई बंद करने का ऐलान कर दिया है।
.
परिवहनकर्ताओं का आरोप है कि शासन द्वारा निर्धारित 800-900 रुपए की रॉयल्टी के स्थान पर ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से 2800 रुपए तक की वसूली की जा रही है। साथ ही रॉयल्टी की वैधता अवधि भी पहले 8-10 घंटे होती थी, जिसे अब घटाकर मात्र डेढ़ से दो घंटे कर दिया गया है।
परिवहनकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की फ्लाइंग टीम मारपीट, दबंगई और जबरन वसूली कर रही है। इतना ही नहीं, दूसरे घाटों की रॉयल्टी अवैध रेत खदानों पर चढ़ाई जा रही है, जिसे ट्रैक्टर चालकों ने खुली धोखाधड़ी बताया है। गंभीर आरोप यह भी है कि वैध रॉयल्टी होने के बावजूद पुलिस जगह-जगह अवैध वसूली कर रही है, जिससे रेत परिवहनकर्ता परेशान होकर ट्रैक्टर बंद की स्थिति में पहुंच गए हैं।
रेत परिवहनकर्ताओं ने खनिज अधिकारी को ज्ञापन देकर मांग की कि ठेकेदार की अवैध वसूली और पुलिस की कथित जबरन एंट्री पर तत्काल रोक लगाई जाए। जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक शहर में रेत सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी।
जिला खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया ने बताया कि रेत व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपा है, जिसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।