साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत को हार सामना करना पड़ा है. चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अफ्रीकी टीम ने 51 रनों से जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही अफ्रीकी टीम ने सीरीज में वापसी कर ली और अब यह 1-1 की बराबरी पर आ गया है. कटक में भारत पहला मैच मंगलवार को जीता था. अब तीसरा मुकाबला रविवार को धर्मशाला में खेला जाएगा.
सूर्या-गिल की शर्मनाक बैटिंग
साउथ अफ्रीका से मिले 214 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 20 ओवरों में 00 विकेट पर 000 रन ही बना सकी. कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्ता शुभमन गिल एक बार फिर फेल हो गए. सूर्या इस साल एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं और वह इस मैच में 4 गेंद पर 5 रन बनाकर आउट हो गए. गिल की बात करें तो वह खाता खोले बगैर आउट हो गए. यह ओपनर लगातार 17वीं पारी में अर्धशतक नहीं लगा पाया है. गिल ने टी20 इंटरनेशनल में पिछली फिफ्टी 13 जुलाई 2024 को हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ जड़ा था.
डिकॉक की धांसू बैटिंग
इससे पहले क्विंटन डी कॉक की शानदार पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने 20 ओवरों में 4 विकेट 213 रन बनाए. इस मुकाबले में क्विंटन डिकॉक अपने दूसरे टी20 शतक से महज 10 रन दूर रह गए. रीजा हैंड्रिक्स और डिकॉक की ओपनिंग जोड़ी ने 4.1 ओवरों में 38 रन जुटाए. रीजा 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यहां से डिकॉक ने कप्तान एडेन मार्करम के साथ मोर्चा संभाला. दोनों अनुभवी खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 47 गेंदों में 83 रन की साझेदारी करते हुए मेहमान टीम को 121 के स्कोर तक पहुंचाया. मार्करम 26 गेंदों में 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
मिलर-रोसो के क्लब में शामिल होने से चूके डिकॉक
यहां से डिकॉक ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की. क्विंटन 90 के निजी स्कोर पर रन आउट हुए. उनकी 46 गेंदों की इस पारी में 7 छक्के और 5 चौके शामिल थे. यह भारत के खिलाफ टी20 क्रिकेट में किसी साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज की ओर से तीसरी सबसे बड़ी पारी थी. डेविड मिलर ने साल 2022 में गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में नाबाद 106 रन बनाए थे, जबकि रिली रोसो ने साल 2022 में इंदौर में भारत के विरुद्ध नाबाद 100 रन जड़े थे.
भारत की खराब गेंदबाजी
साउथ अफ्रीकी टीम 16.1 ओवरों में 160 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से डोनोवन फरेरा ने डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 53 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 213/4 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया. फरेरा 16 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके के साथ 30 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मिलर ने 1 छक्के और 2 चौकों के साथ नाबाद 20 रन की पारी खेली. टीम इंडिया की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि अक्षर पटेल ने 1 विकेट निकाला. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवरों में 54 रन लुटाए. इस दौरान उन्होंने एक ही ओवर में 13 गेंदें भी फेंकी.