शिवांक द्विवेदी, सतना: विंध्य में घरेलू महिलाओं और युवाओं के बीच आत्मनिर्भरता की दिशा में छोटे निवेश वाले स्टार्टअप्स की मांग लगातार बढ़ रही है और इसी कड़ी में अगरबत्ती बनाने का बिज़नेस बेहद लोकप्रिय विकल्प बनकर उभरा है. धार्मिक आयोजनों से लेकर दैनिक उपयोग तक हर घर में इस्तेमाल होने वाली अगरबत्ती का बाजार देशभर में तेजी से फैल रहा है और विशेषज्ञों के अनुसार सिर्फ 50,000 रुपये के निवेश से इस उद्योग में मजबूत शुरुआत की जा सकती है. कम लागत, आसान मशीनरी, तैयार बाजार और सरकारी योजनाओं की सीधी मदद इसे युवाओं और घरेलू महिलाओं के लिए कमाई का बेहतरीन साधन बना रही है.
छोटे निवेश में बड़ा मौका, मशीनरी और सामग्री की लागत कम
अगरबत्ती निर्माण के लिए बांस की स्टिक, चारकोल, जिगत पाउडर और सुगंधित तेल जैसे बेसिक कच्चे माल की आवश्यकता होती है. जिन्हें कम लागत में आसानी से खरीदा जा सकता है. सेमी ऑटोमैटिक मशीन की मदद से स्टिक्स तैयार की जाती हैं और शुरुआती स्तर पर सिर्फ ₹35,000 से ₹80,000 में मशीन और मिक्सर सेटअप उपलब्ध हो जाता है. यह सेटअप उन युवाओं के लिए उपयुक्त माना जाता है जो छोटे पैमाने से शुरुआत कर धीरे-धीरे यूनिट का विस्तार करना चाहते हैं.
लोकल 18 से बातचीत में ज़िला व्यापार उद्योग केंद्र सतना के प्रबंधक आर. एल. पांडे ने कहा कि हल्के निवेश में यह बिज़नेस शुरू करना आसान है लेकिन बड़े स्तर पर ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए पूरी तरह ऑटोमैटिक मशीनें आवश्यक हैं. ऑटोमैटिक सेटअप की लागत ₹1 लाख से ₹5 लाख तक जाती है जिसमें ड्रायर, पैकिंग मशीन और उन्नत उपकरण शामिल होते हैं. इनके साथ उत्पादन क्षमता कई गुना बढ़ जाती है और बाजार में कम्पेटिटिव प्रॉफिट भी मिलता है.
बड़े पैमाने पर निवेश की संभावनाएं भी मजबूत
अगरबत्ती उद्योग केवल छोटे स्तर तक सीमित नहीं है बल्कि बड़े पैमाने पर यह बिज़नेस ₹10 लाख से ₹40 लाख के निवेश तक का मॉडल प्रस्तुत करता है. इस रेंज में मशीनरी, कच्चा माल, कार्यस्थल का किराया या निर्माण, पैकेजिंग यूनिट और स्टार्टिंग प्लानिंग एक्सपेंस शामिल होती है. चूंकि अगरबत्ती का उपयोग पूरे वर्ष एक समान होता है इसलिए इसकी डिमांड कभी कम नहीं होती. इसी वजह से यह उद्यम स्थायी, सुरक्षित और विस्तार योग्य माना जाता है खासकर मध्यप्रदेश जैसे राज्य में जहां घरेलू उत्पादों की खपत लगातार बढ़ रही है.
सरकारी मदद से आसान बना स्टार्टअप, योजना सबसे उपयोगी
युवाओं और महिलाओं के लिए सबसे बड़ी राहत मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना देती है जिसके तहत उद्योग क्षेत्र में अधिकतम ₹50 लाख और सर्विस/बिज़नेस सेक्टर में अधिकतम ₹25 लाख तक का बैंक लोन उपलब्ध कराया जाता है. खास बात यह है कि राज्य सरकार लोन पर 3% ब्याज सब्सिडी अधिकतम 7 सालों तक देती है जिससे ईएमआई चुकाना आसान हो जाता है. सब्सिडी सीधे हितग्राही के खाते में भेजी जाती है जो शुरुआती वर्षों के आर्थिक बोझ को काफी कम कर देती है. अब तक सैकड़ों युवाओं और गृहिणियों ने इसका लाभ लेकर अपनी यूनिटें खड़ी की हैं जिनमें अगरबत्ती, मसाला, पैकिंग यूनिट, फूड प्रोसेसिंग जैसे छोटे बड़े व्यवसाय शामिल हैं.
आवेदन प्रक्रिया और पात्रता: युवाओं के लिए सरल कदम
योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जाता है. आवेदक की आयु 18–45 वर्ष के बीच होना आवश्यक है साथ ही वह मध्यप्रदेश का निवासी हो. परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और आवेदक बैंक डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए. जरूरी दस्तावेजों में आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, पहचान पत्र, राशन कार्ड, पते का प्रमाण, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज़ फोटो, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र (न्यूनतम 8वीं पास), बिजली बिल/किराया नाम, निवास प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट (10 लाख से अधिक ऋण हेतु) मशीनरी कोटेशन आदि शामिल हैं.
सतना के युवाओं के लिए तैयार है कमाई का नया रास्ता
कम लागत, तैयार बाजार और सरकारी सहयोग मिलकर अगरबत्ती बिज़नेस को एक मज़बूत, टिकाऊ और तेजी से बढ़ने वाला स्टार्टअप मॉडल बनाते हैं. सतना के युवा यदि सही मार्गदर्शन, मशीनरी और योजना का लाभ उठाएं तो सिर्फ कुछ महीनों में अपनी उत्पादन इकाई खड़ी कर स्थायी आय के स्रोत बना सकते हैं.