पिछले 48 घंटे से गहरे डिप्रेशन में हूं। रो रही हूं और अपना ही माथा पीट रही हूं। सोना चाहती हूं, लेकिन नींद नहीं आ रही। घर से बाहर नहीं निकल पा रही और न ही लोगों को फेस कर पा रही हूं। लोगों से नजरें मिलाने में भी भी शर्म आ रही है।
.
कहते हैं रिश्ते ऊपर वाला बनाता है लेकिन न जाने वो कौन सी मनहूस घड़ी होगी, जिस घड़ी में मेरी किस्मत लिखी गई होगी। बार-बार लग रहा है, अपनी जीवन लीला समाप्त कर लूं, क्योंकि लग रहा है मेरे लिए अब मौत ही आखिरी रास्ता बचा है। उस दरिंदे पति ने जीने लायक तो छोड़ा नहीं…
यह दर्द है उस महिला का, जिसके पति ने शारीरिक संबंध बनाकर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पोर्न स्टार बनने की जिद में अपनी ही पत्नी की मर्यादा को तार-तार कर दिया। इस घटना के बाद महिला सदमे में है।
पत्नी ने अपने पति के खिलाफ थाने पहुंचकर शिकायत की है।
आखिर एक पति ने ही अपनी पत्नी के साथ ऐसा क्यों किया, इसी सवाल को जानने के लिए दैनिक भास्कर की टीम महिला से मिली। यहां पता चला पिछले 48 घंटे से महिला के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
वह गहरे अवसाद में है। किसी से मिलना भी नहीं चाह रही है। टीम से जैसे-तैसे वह मिलने को तैयार हुई। सामने आते ही वह फूट-फूट कर रोने लगी, वह खुद से एक ही सवाल कर रही थी, उसने ऐसा क्यों किया। बोली- मन में लगातार सुसाइड के ख्याल आ रहे हैं। पढ़िए रिपोर्ट…
दरअसल, यह पूरा मामला रीवा के समान थाना क्षेत्र का है। 10 दिसंबर को एक महिला ने थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया। उसने बताया कि पति ने मेरा पोर्न वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है। महिला की बात सुनकर पुलिस भी दंग रह गई, क्योंकि थाने में अमूमन प्रेम-प्रसंग के मामले में वीडियो वायरल करने और धमकाने के मामले तो सामने आते रहते हैं, लेकिन यह ऐसा मामला था, जिसमें पति ने ही पत्नी की इज्जत को तार-तार कर दिया। प्रारंभिक पड़ताल में ऐसा करने की वजह पैसों की मांग सामने आई।
हालांकि पुलिस की जांच में यह निकल कर सामने आया कि आरोपी पति पोर्न वीडियो देखने का शौकीन था। वह अक्सर पोर्न साइट्स पर इस तरह के डर्टी वीडियो देखा करता था। वह इन सब में इतना डूब चुका कि उसने भी पोर्न साइट्स की तरह ही वीडियो बनाने का सोचा लिया।
7 महीने पहले शादी कर आई पत्नी को ही उसने अपने इस गंदे काम में शिकार बनाया। वह पोर्न वीडियो के किरदारों को अपना आइडल मानता था और खुद को “स्टार” बनाने की चाहत में पत्नी के साथ 13 मिनट 14 सेकेंड का निजी वीडियो रिकॉर्ड किया।
जब पत्नी ने वीडियो वायरल होने पर इसका विरोध किया तो आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह जानबूझकर किया है और उसे कोई पछतावा नहीं है। उसका मकसद था कि लोग वीडियो देखकर उसे पहचानें और वह “पॉपुलर” हो जाए। पुलिस का कहना है कि आरोपी अभी गिरफ्त से दूर है।

समान थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़िता बोली- शादी से पहले चिकनी चुपड़ी बातें करता था पीड़िता ने भास्कर से बातचीत में बताया कि इसी साल 10 मई को हम दोनों की शादी हुई थी। हम दोनों की लव मैरिज नहीं, बल्कि अरेंज मैरिज है, इसलिए एक दूसरे को ज्यादा समझने और जानने का मौका नहीं मिला। शादी से पहले वह चिकनी-चुपड़ी बातें करता था। कहता था कि तुम्हें हमेशा खुश रखूंगा।
शादी फिक्स होने के बाद कुछ दिनों तक बात हुई। इस दौरान मेरा पति मीठी-मीठी बातें कर कर मुझे प्रभावित करता था। मैं बिल्कुल भी नहीं समझ पाई कि इसकी मीठी जुबान के पीछे एक राक्षस और सनकी दरिंदा है। वह एक ड्राइवर है। मैं गरीब घर से ताल्लुक रखती हूं। माता-पिता के पास बहुत ज्यादा पैसा नहीं था, इसलिए ठीक-ठाक लड़का समझकर मेरी शादी कर दी।
कहता था- तुम पर आंच नहीं आने दूंगा पीड़िता ने बताया कि जिस पति ने पोर्न स्टार बनने और और पैसों की लालच में मेरा वीडियो बनाकर वायरल किया। वह असल में इतना बड़ा झूठा है कि शादी में खाई कसमें और रस्में तक भूल गया। उसने विवाह मंडप में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के दौरान फेरे लेने के साथ ही यह कसमें खाई थी कि वह सदैव मेरी रक्षा करेगा। मेरी आबरू को हमेशा सुरक्षित रखेगा। शुरू में कहता भी था कि कुछ भी हो जाए, लेकिन तुम पर आंच नहीं आने दूंगा।

बोला- पति हूं, बॉयफ्रेंड नहीं जो पोर्न वीडियो वायरल कर दूंगा पीड़िता ने बताया कि वह मुझसे कहने लगा कि मैं तुम्हारे साथ पोर्न वीडियो रिकॉर्ड करना चाहता हूं। मैंने उसकी इस बात का विरोध किया। इसके बाद उसने दबाव बनाना शुरू किया। मैंने कहा कि तुम कैसी अजीब बात करते हो।
तुम मेरे पति हो, इसलिए तुम मेरे साथ पोर्न वीडियो कैसे रिकॉर्ड कर सकते हो। मुझ पर तुम्हारा पूरा अधिकार है, लेकिन मैं इस तरह के वीडियो बनाने के लिए तो नहीं हूं ना। मैंने कहा- आजकल जरा सी चूक में इज्जत नीलाम हो जाती है, लेकिन वह समझने को तैयार नहीं हुआ।
वह कहने लगा कि मैं तुम्हारा पति हूं, मैं जैसे कहूंगा तुम्हें ठीक वैसे ही करना पड़ेगा। फिर मैं तुम्हारा बॉयफ्रेंड नहीं हूं कि मैं तुम्हारा वीडियो वायरल करूंगा। मैं तुम्हारा पति हूं, इसलिए तुम्हारे इज्जत की परवाह मुझे भी है, लेकिन वीडियो तो तुम्हें बनना ही पड़ेगा। हजार बार समझाने के बाद मैं मजबूर हो गई। मैंने खुद की इज्जत उसके हाथों में सौंप दी, जिसे उसने दो कौड़ी में नीलाम कर दिया।
पैसा और फेमस होने की चाहत में वह अंधा हो गया पीड़िता ने बताया कि वह इंसान तो था, लेकिन पैसे और फेम की लालच ने उसे इस कदर अंधा कर दिया कि अपनी पत्नी की इज्जत नीलाम करने में भी उसे जरा सी शर्म नहीं आई। वह सोचता रहा होगा कि पोर्न वीडियो अपलोड करके ढेर सारे पैसे मिलेंगे।
वह पोर्न साइट्स में पोर्न स्टार को लगातार देखता रहता था। गंदे वीडियो देखकर ही काफी प्रभावित रहता था। वह उन्हीं की तरह बनना चाहता था। वह इसे एक अच्छा करियर ऑप्शन मानने लगा था। वह सोचता था कि वीडियो वायरल होंगे तो ढेर सारे पैसे मिलेंगे।
इसके अलावा उसे डर्टी फेम भी मिलेगा, जिसे मोबाइल की साइट्स पर देखकर वो उनके जैसा बनना चाहता था। पहले एकांत में छिप कर गंदे वीडियो देखा था। कई बार मैंने उसे रंगे हाथों पकड़ा। मैंने उसे समझाया कि दिनभर यह सब मत देखा करो।
इससे दिमाग पर गलत असर पड़ता है, लेकिन वह लगातार देखता चला गया, जिसका परिणाम यह निकला कि आखिरकार अपने शौक को पूरा करने के लिए उसने मेरी बलि दे दी।

बीमारी में भी मार-मारकर संबंध बनाए पीड़िता ने बताया कि वह तबीयत खराब होने पर भी मेरे साथ मारपीट करता और संबंध बनाता था। कहता था कि मेरा मन है तो संबंध बनाना ही पड़ेगा। पत्नी थी, इसलिए जबरदस्ती करता था। कभी भी भावनाओं को नहीं समझता था।
वह मुझे शारीरिक उपभोग की एक वस्तु समझता था। आए दिन गंदी हरकतें करता था। मेरे साथ ज्यादती करता था, लेकिन वह सारी बातें बेडरूम के अंदर रह जाती थी।
सबकुछ सहकर मैं वहीं पर रहती थी। सोचती थी कि पति है, चलो कोई बात नहीं। मायकेवालों को बताऊंगी तो बहुत परेशान होंगे। उन्हें चिंता न हो, इसलिए कोई बात नहीं बताती थी, लेकिन इतना सबकुछ करने के बाद भी उसके कलेजे को चैन नहीं आया। आखिरकार उसने मेरा सबकुछ बर्बाद कर दिया अब और मुझे तबाह कर दिया।
मारपीट और दहेज की भी मांग करता रहता था पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसके साथ लगातार मारपीट और दहेज की मांग भी करने लगा था। शादी के समय उसने 3 लाख दहेज की मांग की थी। मेरे परिवार वाले गरीब घर से ताल्लुक रखते हैं और इतना दहेज देने में सक्षम नहीं हैं, फिर भी 2 लाख रुपए उसे दिए थे। वह सबकुछ जानता था, फिर भी लगातार पैसों की मांग करता रहता था।
कई बार तो झल्लाहट में मेरे साथ मारपीट भी करता था। मुझे अगर पता होता कि यह इस तरह का व्यक्ति है तो मैं इससे कभी शादी न करती। उसने मेरी जिंदगी तबाह कर दी और मुझे कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा।
जान से मारने की धमकी से पूरा परिवार दहशत में पीड़िता ने बताया कि आरोपी लगातार मुझे, मेरे भाई और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। वह चाकू और पिस्टल से जान लेने की बात कहता है। दिनदहाड़े हत्या करवाने के लिए कह रहा है। पहले ही कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा, अब खून बहाने का कह रहा है।
कहता है कि जीने नहीं दूंगा बर्बाद कर दूंगा। तुम्हारे पूरे खानदान को सड़क पर लाकर खड़ा कर दूंगा। एक-एक को चुन चुन कर मार डालूंगा। उसकी धमकी से पूरा परिवार दहशत में है। दिन में भी दरवाजा बंद करके रहना पड़ रहा है। जब तक वह गिरफ्तार नहीं हो जाता, तब तक हमें डर में ही रहना होगा। पहले ही बर्बाद करने में उसने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है।
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उठाया घिनौना कदम: भाई पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया कि शादी 10 मई को हुई थी। शुरुआत से ही दहेज को लेकर तनाव बना हुआ था। शादी से पहले भी 3 लाख रुपए की मांग की गई थी, जिसमें से 2 लाख रुपए दिए गए थे। शेष रकम के लिए आरोपी लगातार दबाव बना रहा था।


आरोपी की आखिरी लोकेशन मुंबई में मिली सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि पीड़िता महिला ने बताया है कि उसका पति पोर्न वीडियो देखने का आदि है, जिस आधार पर आरोपी के गिरफ्तार होते ही इस दिशा में बारीकी से जांच की जाएगी। यह मामला समान थाना क्षेत्र का है, जहां फरियादिया ने यह शिकायत की थी कि उसके पति ने उसका अंतरंग वीडियो वायरल किए। आरोपी पति के खिलाफ आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
मामला महिला अपराध से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुंबई भाग गया है। पुलिस टीम जल्द ही दबिश देकर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लेगी।