मऊगंज जिले के नईगढ़ी क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग को एक शख्स ने समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई। व्यक्ति पेशे से पत्रकार है। व्यक्ति की इस तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।
.
घटना नईगढ़ी क्षेत्र के रामपुर दूबी में हुई। शिवराजपुर निवासी श्यामलाल प्रजापति शुक्रवार को कटरा की ओर जा रहे थे। कटरा-मऊगंज मुख्य मार्ग पर सैनिक फिलिंग स्टेशन दूबी के पास उनकी एक तेज रफ्तार बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बुजुर्ग घायल होकर सड़क पर गिर गए।
हादसे के वक्त विराट वसुंधरा न्यूज के ब्यूरो चीफ सुखवंत मिश्रा पास के पेट्रोल पंप पर थे। हादसा को देखते हुए उन्होंने मौके पर पहुंचकर घायल बुजुर्ग को प्राथमिक इलाज दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, व्यक्ति ने बुजुर्ग को अपनी निजी कार से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद घायल की हालत गंभीर बताई और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया। समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण बुजुर्ग की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पत्रकार की इस तत्परता और मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे सच्ची इंसानियत का उदाहरण बताया है, जो समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है।