IND vs SA 3rd T20I Match Result Highlights: भारत ने साउथ अफ्रीका को पांच टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में 7 विकेट से हरा दिया . इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है. कटक में उसने पहला मैच जीता था और फिर चंडीगढ़ में हुए दूसरे मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था. अब चौथा मुकाबला लखनऊ में 17 दिसंबर को खेला जाएगा. वह उस मैच को जीतकर सीरीज को अपने नाम करने उतरेगा.
अभिषेक की धमाकेदार बैटिंग
धर्मशाला में पहले भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपा दिया. अफ्रीकी पारी 20 ओवरों में 117 रनों पर सिमट गई थी. टीम इंडिया ने 15.5 ओवर में 3 विकेट पर 120 रन बनाकर मैच को जीत लिया. भारतीय ओपनर्स अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने जोरदार शुरुआत की. दोनों ने 5.2 ओवरों में ही 60 रनों की साझेदारी कर ली. अभिषेक 18 गेंद पर 35 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने तीन छक्के और तीन चौके लगाए. उन्होंने अफ्रीकी गेंदबाजों की लाइन बिगाड़ दी.
गिल की धीमी पारी
अभिषेक के आउट होने के बाद शुभमन गिल और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 38 गेंदों पर 32 रनों की साझेदारी की. शुभमन 28 गेंद पर 28 रन ही बना पाए. उन्होंने तेज शुरुआत की थी, लेकिन बाद में वह रन बनाने के लिए तरसते रहे और आखिरकार अपना विकेट गंवा दिया. कप्तान सूर्यकुमार यादव 11 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हो गए. वह मैच को फिनिश नहीं कर पाए. तिलक वर्मा 34 गेंद पर 26 और शिवम दुबे 4 गेंद पर 10 रन बनाकर नाबाद रहे.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया से अचानक क्यों बाहर हुए जसप्रीत बुमराह? BCCI ने सस्पेंस पर से हटाया पर्दा
7 रन के स्कोर पर गिरे 3 विकेट
इससे पहले मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ अफ्रीकी टीम पारी की अंतिम गेंद पर महज 117 के स्कोर पर सिमट गई. इस टीम ने चौथी गेंद पर ही रीजा हेंड्रिक्स (0) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया. दूसरे ओवर में ही टीम को क्विंटन डिकॉक (1) के रूप में बड़ा झटका लगा. चौथे ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस (2) भी चलते बने. मेहमान टीम 3.1 ओवरों में 7 के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी.
ये भी पढ़ें: सचिन के गढ़ में मेसी… वानखेड़े में ‘महासंगम’, तेंदुलकर-सुनील छेत्री से ऐतिहासिक मिलन
ट्रिस्टन स्टब्स फेल, मार्करम की फिफ्टी
यहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने कप्तान एडेन मार्करम के साथ चौथे विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 30 रन तक पहुंचाया, लेकिन यहां स्टब्स (9) ने अपना विकेट गंवा दिया. 44 के स्कोर तक 5 विकेट गंवाने के बाद साउथ अफ्रीका के लिए संभलना मुश्किल हो गया था. हालांकि, कप्तान मार्करम दूसरे छोर पर मोर्चा संभाले रहे. उन्होंने 46 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 61 रन की पारी खेली. इनके अलावा डोनोवन फरेरा ने 20 रन का योगदान दिया. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट निकाला.