सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय पीड़िता की मां नहीं है और उसके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती। इस स्थिति का फायदा उठाकर सत्यम पटेल नामक आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी लंबे समय से उसका शोषण कर रहा था।
नाबालिग गर्भवती हुई
इस शोषण के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई। जब यह बात सामने आई, तो परिजन शनिवार को पोड़ी चौकी पहुंचे। वहां से उन्हें नागौद थाने भेज दिया गया। नागौद थाने पहुंचने पर पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पीड़िता की मेडिकल जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद ही गर्भावस्था की पुष्टि हो पाएगी।
आरोपी पक्ष ने दबाव बनाने की कोशिश की
आरोपी सत्यम पटेल की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम रवाना की गई है। इस बीच यह भी सामने आया कि जब पीड़िता और उसके परिजन थाने जा रहे थे, तब आरोपी पक्ष के लोगों ने उन पर दबाव बनाकर उन्हें सतना ले जाने की कोशिश की। हालांकि, इसकी सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और पीड़िता तथा उसके परिजनों को सुरक्षित नागौद थाने लाकर प्राथमिकी दर्ज कराई।