IPL 2026 Mini Auction: अब से सिर्फ कुछ घंटों बाद आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की बोली लगने वाली है. मंगलवार, 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाले मिनी ऑक्शन के लिए सभी फ्रेंचाइजियों ने कमर कस ली है. देखना दिलचस्प होगा कि मेगा इवेंट में किस खिलाड़ी पर पैसों की सबसे ज्यादा बरसात होगी. जानकारी के लिए बता दें कि टीम इंडिया के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं. IPL 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 27 करोड़ की मोटी रकम में खरीदा था.
बड़ा सवाल ये है कि क्या कोई खिलाड़ी ऋषभ पंत के इस रिकॉर्ड को तोड़ पाएगा? ये देखने के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन उससे पहले आइए जानते हैं कि आईपीएल इतिहास में अब तक हुए मिनी ऑक्शन में सबसे ज्यादा पैसे कमाने वाले 5 खिलाड़ी कौन हैं.
1. मिचेल स्टार्क (24.75 करोड़ रुपये) – केकेआर, आईपीएल 2024
ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क पर आईपीएल 2024 से पहले हुए मिनी ऑक्शन में पैसों की बरसात हुई थी. कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. स्टार्क आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी क्रिकेटर हैं. स्टार्क का यह सीजन उतना अच्छा नहीं रहा, लेकिन उन्होंने क्वालीफायर 1 और फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता और केकेआर को खिताब जीतने में मदद की.
2. पैट कमिंस (20.5 करोड़ रुपये) – SRH, आईपीएल 2024
सनराइजर्स हैदराबाद ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस पर बड़ा दांव खेला. आईपीएल 2024 मिनी ऑक्शन में काव्या मारन की टीम ने कमिंस को 20.5 करोड़ रुपये में खरीदा था. इस सीजन में 18 विकेट लेने वाले कमिंस को SRH का कप्तान भी बनाया गया था. इसके अलावा, उनकी कप्तानी में एसआरएच आईपीएल 2024 में उपविजेता रही.
3. सैम करन (18.5 करोड़ रुपये) – पीबीकेएस, आईपीएल 2023
इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर सैम करन आईपीएल 2023 मिनी ऑक्शन में मालामाल हुए थे. इंग्लिश खिलाड़ी के लिए CSK और पंजाब किंग्स के बीच जबरदस्त बोली लगी, लेकिन आखिरकार प्रीति जिंटा की टीम ने सैम करन को 18.25 करोड़ रुपये में खरीदा.
4. कैमरन ग्रीन (17.5 करोड़ रुपये) – मुंबई इंडियंस, आईपीएल 2023
ऑस्ट्रेलिया के उभरते हुए ऑलराउंडर करियर की शुरुआत से ही आईपीएल टीमों के रडार पर रहे हैं. आईपीएल 2023 से पहले हुए मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने ग्रीन के लिए खजाना खोला और 17.5 करोड़ रुपये में खरीदा. बता दें कि कैमरून ग्रीन एक बार फिर सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बनने की दौड़ में शामिल होंगे.
5. बेन स्टोक्स (16.25 करोड़ रुपये) – सीएसके, आईपीएल 2023
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स भी आईपीएल में धमाल मचा चुके हैं. 2023 में एमएस धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने स्टोक्स को 16.25 करोड़ में खरीदा था. लेकिन, घुटने की चोट के कारण स्टोक्स इस सीजन में केवल दो मैच ही खेल पाए और तब से उन्होंने आईपीएल नहीं खेला है.