सीधी जिले के कुबरी तिराहा पर सोमवार शाम करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीधी की ओर आ रहे बाइक सवार तीन युवक सड़क किनारे खड़े एक हाइवा (ट्रक) से जा टकराए। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही
.
तेज रफ्तार और नशा बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। बाइक पर सवार तीनों युवक शराब के नशे में थे। नशे की हालत में उन्हें सड़क किनारे खड़ा हाइवा दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर नहीं उठ पाए घायल
हादसे के बाद तीनों युवक खुद से उठने की स्थिति में नहीं थे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया।
एक युवक की हालत गंभीर
घायलों में ददरी निवासी संदीप यादव की पहचान हुई है। शराब के नशे की वजह से अन्य दो घायलों की पहचान तुरंत नहीं हो सकी। डॉक्टरों के अनुसार एक युवक का जबड़ा टूट गया है और उसके सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं, अन्य दो युवकों के पैरों में गंभीर चोटें और फ्रैक्चर बताए जा रहे हैं। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस कर रही जांच
अस्पताल चौकी प्रभारी आरती मांझी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन युवक घायल हुए हैं और सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर बृजेश पांडे ने पुष्टि की कि तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें भर्ती कर लिया गया है।