Last Updated:
वम्सी गड्डम संसद में RG लिखी अपनी बनाई इलेक्ट्रिक एटम बाइक से पहुंचे, जो 20 रुपये में 100 किमी चलती है. यह बाइक 10 पेटेंट के साथ ईको फ्रेंडली पहल का हिस्सा है.
नई दिल्ली. कांग्रेस सांसद वम्सी गड्डम मंगलवार को संसद में एक खास बाइक पर पहुंचे, जिस पर ‘RG’ लिखा हुआ था. जब उनसे RG का मतलब पूछा गया, तो सांसद वम्सी गड्डम ने कहा, “मैं राहुल गांधी जी का बड़ा प्रशंसक हूं. मैं उन्हें लगातार फॉलो करता हूं. मैं इंडियन नेशनल कांग्रेस का हिस्सा हूं और हम उन मुद्दों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, जो हमारे देश के लोगों के लिए मायने रखते हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “हम भारत के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए लड़ना चाहते हैं. जैसा कि आज हम देख रहे हैं, AQI स्तर इतनी ऊंचाई पर पहुंच गया है कि साफ और ताजा हवा हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है… हमें भी सही फैसले लेने चाहिए ताकि अगली पीढ़ी को साफ और ताजा हवा मिल सके. यही संदेश सभी के लिए है.” ये बाइक भी उनकी इसी पहल का हिस्सा है क्योंकि ये एक ईको फ्रेंडली इलेक्ट्रिक मोटर से पावर्ड बाइक है.
कैफे रेसर-इंस्पायर्ड बाइक
उन्होंने बताया कि संसद में जिस बाइक से आए, वह इलेक्ट्रिक बैटरी से चलने वाली कैफे रेसर-इंस्पायर्ड बाइक है, जिसका नाम ‘एटम बाइक’ है. “यह बाइक मैंने बनाई है. इस बाइक पर हमारे पास लगभग 10 पेटेंट हैं.
20 रुपये में 100 किमी की रेंज
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि ये बाइक एक बार चार्ज करने पर यह 100 किलोमीटर चलेगी और इसे 20 रुपये के खर्चे में चार्ज किया जा सकता है. बाइक की संभावित कीमत और फीचर्स के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
अभी प्रोडक्शन फेज में नहीं है बाइक
जैसा कि वम्सी गड्डम ने बताया कि इस बाइक के 10 पेटेंट हैं तो उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले समय में एटम बाइक का प्रोडक्शन करके इसे मासेज तक पहुंचाया जाएगा. तेजी से बढ़ते प्रदूषण के बीच ये बाइक एक बढ़िया ईको फ्रेंडली ऑप्शन हो सकती है.