Last Updated:
Who is Prashant Veer IPL 2026 Auction 2026: यूपी के अनकैप्ड ऑलराउंडर प्रशांत वीर ने मिनी ऑक्शन में इतिहास रच दिया. उन्हें 14.20 करोड़ रुपये की बंपर बोली के साथ 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा. इसी के साथ 20 साल का यह युवा स्टार आईपीएल ऑक्शन में बिकने वाला सबसे महंगा अनकैप्ड खिलाड़ी बन गया है.
नई दिल्ली. 30 लाख के बेस प्राइस वाले एक धाकड़ ऑलराउंडर पर चेन्नई सुपर किंग्स ने मिनी ऑक्शन छप्परफाड़ पैसा बरसाया. चेन्नई सुपर किंग्स ने इस स्टार पर 14.20 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाई, जिसने उन्हें ऑक्शन का सबसे महंगा अनकैप्ड खिलाड़ी बना दिया. दरअसल, यह खिलाड़ी यूपी के लिए खेलने वाले प्रशांत वीर हैं. 20 साल के प्रशांत को खरीदने के लिए 5 टीमों ने बोली लगाई, लेकिन अंत में सीएसके ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया.
इन 5 टीमों के बीच हुई लड़ाई
प्रशांत के लिए बोली की शुरुआत लखनऊ सुपर जायंट्स ने की. इसके बाद मुंबई इंडियंस ने 1.10 करोड़ रुपये तक बिड की. मुंबई के पीछे हटने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिडिंग शुरू की. 4 करोड़ पर पहुंचकर लखनऊ ने अपने कदम पीछे हटा लिए, जिसके बाद CSK और राजस्थान रॉयल्स में बिडिंग वार चला. 6.40 करोड़ पर पहुंचकर राजस्थान टीम भी पीछे हट गई. फिर एंट्री हुई सनराइजर्स हैदराबाद की. हैदराबाद और चेन्नई के बीच लंबी चली बिडिंग वार में प्रशांत की बोली 10 करोड़ के पार पहुंची और अंत में 14.20 करोड़ रुपये के साथ चेन्नई ने इस ऑलराउंडर को अपने खेमे में शामिल कर लिया.
कौन हैं प्रशांत वीर?
छोटे से करियर में प्रशांत ने पावर हिटिंग और प्रभावी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से अपना ऑलराउंड प्रदर्शन दिखाया है. वह हाल ही में 2025-26 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेले, जहां उन्होंने सात मैचों में 169.19 के शानदार स्ट्राइक रेट और 37.33 की औसत से 112 रन बनाए. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर बिहार के खिलाफ नाबाद 40 रन था. गेंदबाजी में भी उन्होंने जबरदस्त प्रभाव डाला और 7 पारियों में 9 विकेट लिए. उनका औसत 18.77 और इकोनॉमी रेट 6.76 का रहा.
कौन हैं प्रशांत वीर?
UPT20 लीग और U23 स्टेट ए ट्रॉफी में किया शानदार प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2025 के दौरान प्रशांत वीर को ‘एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ चुना गया था. नोएडा सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करते हुए इस बाएं हाथ के खिलाड़ी ने 10 पारियों में 64.00 के शानदार औसत और 155.34 के स्ट्राइक रेट से 320 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल थे. गेंदबाजी में भी उन्होंने 8 विकेट लिए. इसके अलावा अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए प्रशांत वीर को पुरुषों की U23 स्टेट ए ट्रॉफी में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था. हालांकि, उत्तर प्रदेश फाइनल में तमिलनाडु से हार गया था, लेकिन प्रशांत ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने 7 मैचों में 94.00 के औसत और 128.76 के स्ट्राइक रेट से 376 रन बनाए, जिसमें चार अर्धशतक शामिल थे. गेंदबाजी में भी उन्होंने 7 मैचों में 18 विकेट लेकर महत्वपूर्ण योगदान दिया.
धोनी के साथ का खेलने का सपना होगा पूरा
प्रशांत वीर ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलने और दिग्गज एम एस धोनी के साथ कम से कम एक सीजन बिताने की इच्छा व्यक्त की थी, जो आगामी सीजन में पूरी होने जा रही है. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘मुझे चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलना बहुत पसंद होगा, क्योंकि धोनी सर के साथ कम से कम एक सीजन बिताना मेरा सपना है. मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा, खासकर उनकी कूलनेस, क्योंकि वह भी मेरी तरह निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें