शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम सेवड़ीकलां में गोवंश के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। एक युवक ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से 25 से अधिक गोवंशों को एक पठार पर रस्सियों से बांध दिया।
.
ये गोवंश पिछले सात दिनों से बंधे हुए थे और उन्हें चारा-पानी या सर्द रातों में कोई सुरक्षा नहीं मिली थी, जिसके कारण तीन की मौत हो गई और तीन अन्य मरणासन्न हालत में थे।
बुधवार को ग्रामीणों की सूचना पर दिनारा थाना पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पठार पर अलग-अलग जगहों पर गोवंशों को रस्सियों से बंधा पाया। टीम ने शेष गोवंशों को तुरंत मुक्त कराकर उनके लिए चारा-पानी और उपचार की व्यवस्था की।
मौके पर दिनारा थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह चौहान, करैरा एसडीएम अनुराग निंगवाल, तहसीलदार कल्पना शर्मा, नायब तहसीलदार अशोक श्रीवास्तव और पशु चिकित्सक उपस्थित थे। पशु चिकित्सकों ने बीमार गोवंशों का उपचार शुरू किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम सेवड़ीकलां निवासी दयानंद यादव (40) पुत्र प्रताप यादव ने इस घटना को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मंशा गोवंशों को वहां बांधकर जमीन पर कब्जा करने की थी।
पुलिस ने आरोपी दयानंद यादव के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।