वैभव सूर्यवंशी के बाद अब उनके 2 साथी IPL में मचाएंगे धूम-धड़ाका, एक पाकिस्तान को कर चुका है बर्बाद!

वैभव सूर्यवंशी के बाद अब उनके 2 साथी IPL में मचाएंगे धूम-धड़ाका, एक पाकिस्तान को कर चुका है बर्बाद!


IPL 2026: आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में सभी फ्रेंचाइजियों ने युवा खिलाड़ियों पर दिल खोलकर खजाना लुटाया. सबसे ज्यादा हैरान चेन्नई सुपर किंग्स ने किया. CSK ने दो अनकैप्ड इंडियन प्लेयर्स प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा पर सबसे बड़ा दांव खेला और दोनों को 14.20 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया. अबू धाबी में हुए मिनी ऑक्शन में 2 खिलाड़ी ऐसे भी थे, जिसके बारे में ज्यादा शोर तो नहीं मची, लेकिन आईपीएल 2026 में ये दोनों गेंद और बल्ले से धमाका कर सकते हैं. 

वैभव सूर्यवंशी के साथ अंडर-19 टीम में भारत के लिए खेल रहे दो खिलाड़ियों पर डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने बड़ा दांव खेला है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने ऑक्शन में युवा टैलेंटेड खिलाड़ी विहान मल्होत्रा और उभरते हुए ऑलराउंडर कनिष्क चौहान को 30-30 लाख में खरीदा.

RCB ने अंडर-19 टैलेंट पर खेला दांव

Add Zee News as a Preferred Source


विहान मल्होत्रा और कनिष्क चौहान फिलहाल दुबई में ACC अंडर-19 एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. इस टूर्नामेंट में राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी भी धमाकेदार बल्लेबाजी कर रहे हैं. हाल ही में जब पाकिस्तान अंडर-19 के साथ मुकाबला हुआ, तब कनिष्क चौहान उस मैच के हीरो साबित हुए थे. उन्होंने गेंद और बल्ले से जलवा दिखाया था. 19 साल के कनिष्क ने पहले 46 रनों की कीमती पारी खेली और फिर 3 महत्वपूर्ण विकेट लेकर पाकिस्तान के होश उड़ा दिए थे. 

कौन हैं विहान मल्होत्रा और कनिष्क चौहान?

कनिष्क चौहान का जन्म 26 सितंबर को राजस्थान के जालोर में हुआ था. हालांकि, उन्होंने क्रिकेट खेलने के लिए हरियाणा का रुख किया. डोमेस्टिक क्रिकेट में कनिष्क ने अभी तक डेब्यू नहीं किया है, लेकिन भारत की अंडर-19 टीम में उन्हें लगातार मौके मिले हैं. कनिष्क ज्यादातर अपने ऑफ स्पिन गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनमें मिडिल ऑर्डर में अच्छी बल्लेबाजी करने की काबिलियत भी है. 

विहान मल्होत्रा का जन्म 01 जनवरी, 2007 को पटियाला में हुआ था. वो अंडर-16 से पंजाब के लिए खेल रहे हैं और अब भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं. अंडर-19 एशिया कप में यूएई के खिलाफ मैच में विहान ने 69 रन बनाए थे. विहान मल्होत्रा बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जो टॉप-4 में बैटिंग कर सकते हैं.

आईपीएल 2026 के लिए RCB का स्क्वॉड

विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, जितेश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, अभिनंदन सिंह, जैकब बेथेल, नुवान तुषारा, रसिख डार, स्वप्निल सिंह, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान

ये भी पढ़ें: IPL 2026 Squad: एक क्लिक में देखें RCB, CSK, MI, SRH, DC, RR, PBKS, GT, KKR, LSG का पूरा स्क्वॉड



Source link