Last Updated:
Leafy Vegetable Farming Tips: दिसंबर-जनवरी में पत्तेदार सब्जियों की खेती से किसान कम लागत में ज्यादा मुनाफा कमा सकते हैं. जानिए पालक, धनिया, मेथी की खेती का सही तरीका और 2026 से पहले आय बढ़ाने के आसान टिप्स.
शिवांक द्विवेदी, सतना: दिसंबर जनवरी का मौसम न सिर्फ ठंड की सौगात लेकर आता है बल्कि किसानों के लिए कम लागत में अधिक मुनाफे का सुनहरा अवसर भी देता है. पत्तेदार सब्जियों की खेती इस समय सबसे अधिक लाभकारी मानी जाती है. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि 2026 में शहरी और ग्रामीण बाजारों में हरी सब्जियों की मांग और कीमत दोनों में इजाफा देखने को मिलेगा. बेहतर पैदावार, कम समय में फसल तैयार होना और रोज़ाना बिक्री की सुविधा इन फसलों को किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत जरिया बना रही है.
क्यों फायदेमंद हैं पत्तेदार सब्जियां
लोकल 18 से बातचीत में किसान अंशुमान सिंह ने बताया कि पालक, धनिया, मेथी और शलजम जैसी पत्तेदार सब्जियां कम लागत में तैयार होकर तेजी से बाजार में बिक जाती हैं. इनकी खेती के लिए भारी निवेश की जरूरत नहीं होती और डेढ़ से दो महीने में किसान उत्पादन शुरू कर सकता है. यही वजह है कि छोटे और सीमांत किसान भी इस खेती से अच्छी आमदनी कमा सकते हैं.
मिट्टी और खेत की तैयारी का सही तरीका
इन सब्जियों के लिए बलुई दोमट या रेतीली मिट्टी सबसे उपयुक्त मानी जाती है जिसमें पानी रुकता न हो. बेहतर परिणाम के लिए मिट्टी में 50-60 प्रतिशत साधारण मिट्टी के साथ 30-40 प्रतिशत गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट मिलाना चाहिए. थोड़ी मात्रा में रेत मिलाने से जल निकासी और बेहतर हो जाती है. बुवाई से पहले खेत की अच्छी जुताई कर खरपतवार पूरी तरह निकाल देना जरूरी है. बीज बोने से पहले उन्हें रात भर पानी में भिगो देना चाहिए. इसके बाद ट्राइकोडर्मा से बीज उपचार करने पर अंकुरण जल्दी और स्वस्थ होता है. बीजों को बहुत गहरा न बोएं इसको लगभग आधा इंच मिट्टी से ढकना पर्याप्त है. बुवाई रो बाय रो करें ताकि देखभाल आसान रहे. बुवाई के बाद हल्की सिंचाई करें और मिट्टी में नमी बनाए रखें लेकिन ठंड है इसलिए अधिक पानी देने से बचें.
धूप, ठंड और पाले से बचाव
इन फसलों को सुबह की 4-5 घंटे की धूप की आवश्यकता होती है जबकि दोपहर में हल्की छाया फायदेमंद रहती है. दिसंबर-जनवरी में पाले का खतरा रहता है इसलिए पौधों को पाले से बचाने के लिए ढकने या हल्की सिंचाई जैसे उपाय अपनाने चाहिए. अंशुमान सिंह ने बताया कि मेथी 25-30 दिन में पालक 35-40 दिन में, धनिया 30-40 दिन में और शलजम लगभग 30-40 दिन में कटाई के लिए तैयार हो जाती है. वहीं इसकी लगातार कटाई से उत्पादन और आय दोनों बढ़ती है.
कीट नियंत्रण और ऑर्गेनिक उपाय
पत्तेदार सब्जियों में कीटों का असर जल्दी होता है. पत्ती खाने वाली सुंडियों के लिए नीम तेल और हल्दी का स्प्रे प्रभावी है जबकि रस चूसने वाले कीटों पर नीम तेल और नींबू के पत्तों का काढ़ा कारगर साबित होता है. साथ ही हल्के निवेश में 100–150 रुपये के कीट ट्रैप भी लगाए जा सकते हैं. ध्यान रखें कि नियमित निरीक्षण जरूरी है और अधिक संक्रमित पौधों को तुरंत हटा देना चाहिए.
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर किसान सही तकनीक, समय पर बुवाई और ऑर्गेनिक तरीकों को अपनाएं तो दिसंबर-जनवरी की यह हरियाली 2026 की गर्मी से पहले ही किसानों की आय को नई ऊंचाई दे सकती है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें