सतना में दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और अड़ीबाजी के आरोपी शुभम पाल को अदालत में पेशी के दौरान हमला कर दिया गया। कोलगवां थाना पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट लेकर पहुंची थी, तभी यह घटना हुई। हमले के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
.
जानकारी के अनुसार, 10 हजार के इनामी आरोपी शुभम पाल को पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में ले जा रही थी। जैसे ही उसे कोर्ट परिसर के अंदर ले जाने का प्रयास किया गया, लगभग 25-25 युवकों के दो अलग-अलग गुटों ने उसे घेर लिया। इनमें से एक गुट आरोपी के पक्ष में था, जबकि दूसरा गुट उस पर हमला करने पहुंचा था।
हमलावरों ने आरोपी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद वकीलों ने शुभम पाल को बचाने की कोशिश की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए अदालत परिसर में तनाव का माहौल बन गया और हालात बेकाबू हो गए।
हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाला। पुलिस ने आरोपी को हमलावरों के चंगुल से सुरक्षित निकालकर कोर्ट के अंदर पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही टीआई सुदीप सोनी अदालत परिसर पहुंचे।
न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने दोनों गुटों के लगभग एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी शुभम पाल पर दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और अड़ीबाजी जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं, जिसके कारण लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।