धार में गो तस्करी का बड़ा प्रयास नाकाम: 20 मवेशियों से भरा वाहन जब्त, आरोपी बिना परमिट पकड़े गए; दो पर FIR – Dhar News

धार में गो तस्करी का बड़ा प्रयास नाकाम:  20 मवेशियों से भरा वाहन जब्त, आरोपी बिना परमिट पकड़े गए; दो पर FIR – Dhar News



धार जिले में गुरुवार को गो तस्करी के एक प्रयास को विफल किया गया है। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर गौतम स्कूल के पास 20 मवेशियों से भरा एक वाहन पकड़ा गया। यह कार्रवाई गो सेवकों की मदद से नौगांव थाना पुलिस ने की।

.

यह घटना तब सामने आई जब गोवंश से भरे एक वाहन से दो बछड़े अचानक सड़क पर गिर गए। इसकी सूचना मिलने पर गो सेवक और नौगांव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने गिरे हुए बछड़ों को सुरक्षित किया।

इसी दौरान, पास से गुजर रहे एक आईसर वाहन (क्रमांक आरजे 09 जेई 3379) पर गो सेवकों की नजर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने वाहन को रोका। वाहन की जांच करने पर उसमें 20 मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। मवेशियों को इस तरह बांधा गया था कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।

पूछताछ में वाहन चालक मोहम्मद वजीर कुरैशी (निवासी जावरा) ने मवेशियों को कानवन पशु बाजार ले जाने की बात कही। वहीं, कंडक्टर अब्दुल हमीद पठान (निवासी रतलाम) ने उन्हें दूध डेयरी ले जाने का दावा किया। गो सेवकों ने बताया कि आरोपी मवेशियों को अवैध रूप से महाराष्ट्र की ओर ले जा रहे थे। दोनों के बयानों में विरोधाभास मिलने से संदेह और बढ़ गया।

पुलिस द्वारा मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई परमिट या कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों, मोहम्मद वजीर कुरैशी और अब्दुल हमीद पठान, के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरियादी गो सेवक विश्वास शर्मा और धर्मेंद्र जोशी ने इस कार्रवाई में सहयोग किया।

नौगांव थाना प्रभारी हीरुसिंह रावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह गो तस्करी का मामला पाया गया है। सभी 20 मवेशियों को सुरक्षित रूप से वात्सल्य गोशाला भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।



Source link