IND vs SA 5th T20I: भारत-साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का 5वां मुकाबल फैंस के लिए पैसा वसूल साबित हुआ. भारतीय बल्लेबाजों ने चौकों छक्कों की बरसात कर दी. स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अहमदाबाद में हाहाकार मचा डाला और भारत की तरफ से सबसे तेज दूसरी फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया. हार्दिक की तूफानी बैटिंग से युवराज सिंह के 12 गेंद में अर्धशतक के रिकॉर्ड पर भी ग्रहण लग गया था, लेकिन 4 गेंद लेट हो गए. हालांकि उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है.
टॉस हारी थी टीम इंडिया
साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. सूर्यकुमार यादव ने पिच परख ली थी और पहले बैटिंग करने की चाहत थी और वही मिला. भारतीय टीम इस मैच में कुछ बदलाव के साथ मैदान में उतरी. शुभमन गिल इंजरी के चलते बाहर हुए और संजू सैमसन की एंट्री हो गई. सैमसन और अभिषेक ने मिलकर टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई. सैमसन ने आतिशी अंदाज में 37 जबकि अभिषेक ने 34 रन की पारी खेली.
तिलक-हार्दिक ने मचाया हाहाकार
अभिषेक और सैमसन के विकेट के बाद तिलक वर्मा ने धांसू शुरुआत की. उन्होंने महज 30 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और आखिर तक डटे रहे. 42 गेंद में तिलक वर्मा ने 73 रन की पारी खेली जिसमें 10 चौके और 1 छक्के देखने को मिला. दूसरे छोर से हार्दिक पांड्या के शो से स्टेडियम गूंज उठा, उन्होंने आज के मैच में पारी का आगाज ही छक्के के साथ किया. इसके बाद दूसरा सबसे तेज अर्धशतक ठोक डाला.
ये भी पढे़ं.. IND vs SA: बाल-बाल बची विराट की बादशाहत.. 13 रन से चूके अभिषेक शर्मा, 10 साल पुराने रिकॉर्ड पर लगा दिया था ‘ग्रहण’
अभिषेक शर्मा हुए पीछे
भारतीय बल्लेबाजों में टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज फिफ्टी ठोकने के मामले में युवराज सिंह नंबर-1 पर हैं. उन्होंने 12 गेंद में 2007 वर्ल्ड कप में फिफ्टी ठोकी थी. दूसरे नंबर पर अभिषेक शर्मा थे जिन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 17 गेंद में अर्धशतक ठोका था. लेकिन अब हार्दिक पांड्या ने उन्हें पछाड़कर खुद दूसरे नंबर पर कब्जा जमाया है. हार्दिक ने 16 गेंद में फिफ्टी ठोकी. उनकी 63 रन की पारी में 5 छक्के और इतने ही चौके शामिल थे. टीम इंडिया ने शानदार बैटिंग की बदौलत बोर्ड पर 231 रन टांग दिए हैं.