साउथ अफ्रीका को पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 3-1 से धूल चटाने के साथ ही टीम इंडिया ने साल 2025 का सुखद अंत किया है. अब भारतीय टीम को नए साल पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से 18 जनवरी तक तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेलनी है. दोनों देशों के बीच इसके बाद पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज 21 जनवरी से 31 जनवरी तक खेली जाएगी. भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह ODI और T20I सीरीज भारतीय सरजमीं पर खेली जाएगी.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर होंगे पांड्या और बुमराह?
भारत में न्यूजीलैंड टीम का यह क्रिकेट दौरा टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बहुत अहम माना जा रहा है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज अगले साल 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होगा और उसका फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा. एक रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज से आराम दे सकता है. ऐसा इसलिए कि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए फ्रेश रह सकें.
हो गया बड़ा खुलासा
एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, ‘जसप्रीत बुमराह को लेकर मैनेजमेंट का रुख बिल्कुल साफ है. बाहर के लोग उनकी फिटनेस को लेकर तरह-तरह की थ्योरी बना सकते हैं, लेकिन बात बहुत सीधी है. आपको उन फॉर्मेट और मैचों को प्राथमिकता देनी होगी जिनमें आप जसप्रीत बुमराह को खिलाना चाहते हैं. टीम के नजरिए से यह जरूरी था कि वह टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी में ज्यादा से ज्यादा T20I मैच खेले और वह एशिया कप से ही इस फॉर्मेट में खेल रहे हैं. बुमराह का खेलना सिर्फ इस फॉर्मेट में उनकी कंटिन्यूटी के लिए ही जरूरी नहीं था, बल्कि कप्तान और कोच के लिए बुमराह के साथ बॉलिंग कॉम्बिनेशन तय करने के लिए भी जरूरी था.’
बुमराह और हार्दिक का अब T20I पर ज्यादा फोकस
सेलेक्टर्स का फोकस अब जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को सीधे 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में उतारने का होगा. सूत्र ने आगे कहा, ‘फिलहाल न्यूजीलैंड के खिलाफ तीनों वनडे किसी काम के नहीं हैं. जब टीम 2027 वर्ल्ड कप पर फोकस करेगी, तब आपको वनडे में बुमराह ज्यादा दिखेंगे. कोच गौतम गंभीर अपने प्रीमियर तेज गेंदबाज का इसी तरह इस्तेमाल करने का प्लान बना रहे हैं.’
क्या हार्दिक खेलेंगे घरेलू मैच?
सूत्र ने आगे बताया, ‘हार्दिक पांड्या के लिए भी यही तरीका अपनाया जाएगा. जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या दोनों अभी T20I सेटअप में सबसे जरूरी खिलाड़ी हैं और साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज ने यह दिखाया. हार्दिक अपनी बॉडी को तैयार रखने के लिए बड़ौदा के लिए कुछ घरेलू मैच खेल सकते हैं, लेकिन इस बारे में अभी कोई आखिरी फैसला नहीं लिया गया है.’