India Squad For T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 15 खिलाड़ियों का चयन हुआ है. चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया और सूर्यकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया और कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए. इस बड़े इवेंट के लिए चुनी गई टीम में शुभमन गिल और जितेश शर्मा को नहीं रखा गया. दोनों को अचानक से बाहर करके चयनकर्ताओं ने सबको हैरान कर दिया.
ट्रॉफी डिफेंड करने की बारी
भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जीता था. टीम 2007 के बाद यह खिताब जीती थी और अब उसकी नजर अपने होम ग्राउंड पर ट्रॉफी को डिफेंड करने पर है. वेस्टइंडीज में साउथ अफ्रीका को खिताबी मुकाबले में हराकर चैंपियन बनने वाली टीम में सात बदलाव हो गए. दो सालों में कई खिलाड़ियों ने संन्यास लिया तो कुछ को बाहर का रास्ता दिखाया गया. इस दौरान कुछ ने मौके का फायदा उठाया, तो कुछ ने उसे बर्बाद किया.
ये खिलाड़ी अब टीम में नहीं
2024 में खिताब जीतने वाली टीम के सदस्य रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋषभ पंत, मोहम्मद सिराज, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल और यशस्वी जायसवाल इस बार टीम में नहीं हैं. तत्कालीन कप्तान रोहित, विराट और जडेजा ने संन्यास ले लिया है. पंत, सिराज, चहल और यशस्वी टीम से बाहर चल रहे हैं. इन खिलाड़ियों की जगह कुछ युवाओं ने ली है. ऐसे में अब साफ हो गया है कि संन्यास लेने वाले तीन दिग्गजों का रिप्लेसमेंट टीम इंडिया को मिल चुका है.
रोहित-कोहली-जडेजा की जगह कौन?
टीम में अगर रिप्लेसमेंट की बात करें तो पिछले दो सालों में अभिषेक शर्मा ने रोहित शर्मा की जगह को पूरी तरह अपना लिया है. वह तेज खेलते हैं और विपक्षी टीम पर हावी होने का कोई मौका नहीं गंवाते. विराट की जगह तिलक वर्मा धीरे-धीरे अपने नाम करते हुए नजर आते हैं. कोहली की तरह तिलक भी पारी को आगे बढ़ाने के साथ-साथ तेज खेलने का भी माद्दा रखते हैं. उनमें जरूरत पड़ने पर सिंगल-डबल लेने की क्षमता भी है और चौके-छक्के लगाने का पावर भी. तिलक ने एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ दबाव में इस बात को साबित भी किया था. जडेजा की जगह की बात करें तो उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मिल गई है. सुंदर ऑफ स्पिनर हैं और जडेजा की तरह महत्वपूर्ण मौकों पर रन बनाने की क्षमता भी रखते हैं.
ये भी पढ़ें: पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगे ये 5 धुरंधर… एक की तो अचानक हो गई एंट्री, सूर्यकुमार-अगरकर ने पूरा कर दिया सपना
2 साल में 2024 वर्ल्ड कप विजेता टीम में 7 बदलाव
रोहित शर्मा की जगह अभिषेक शर्मा.
विराट कोहली की जगह तिलक वर्मा.
ऋषभ पंत की जगह ईशान किशन.
मोहम्मद सिराज की जगह हर्षित राणा.
युजवेंद्र चहल की जगह वरुण चक्रवर्ती.
रवींद्र जडेजा की जगह वॉशिंगटन सुंदर.
यशस्वी जायसवाल की जगह रिंकू सिंह.
क्यों बाहर हुए शुभमन गिल?
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में घोषित 15 सदस्यीय टीम से शुभमन गिल की छुट्टी कर दी गई है. शुभमन लंबे समय से टी20 फॉर्मेट में निराशाजनक प्रदर्शन कर रहे थे. गिल की जगह विश्व कप में ऑलराउंडर अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है. टीम में संजू सैमसन विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. संभवत: अभिषेक शर्मा के साथ वही पारी की शुरुआत करेंगे. दूसरे विकेटकीपर के रूप में ईशान किशन को टीम में जगह मिली है. किशन को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बतौर बल्लेबाज शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है. वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शीर्ष स्कोरर रहे थे.
ये भी पढ़ें: शुभमन गिल OUT… टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को मिला नया उपकप्तान, हार्दिक पांड्या का टूटा दिल
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम
सूर्य कुमार यादव (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, अभिषेक शर्मा, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, कुलदीप यादव, हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह.