Mumbai Squad for Vijay Hazare Trophy 2025: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी में जुटे हैं. पहले ऑस्ट्रेलिया और फिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित ने बल्ले से रनों की बारिश की. अब वो घरेलू क्रिकेट में जलवा दिखाने वाले हैं. 24 दिसंबर से शुरू होने जा रही विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के लिए उन्हें मुंबई की टीम में जगह मिली है. स्क्वाड में कुल 16 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं. सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे को शुरुआती स्क्वाड में नहीं मिली है. इस टूर्नामेंट में टीम की कमान शार्दुल ठाकुर को मिली है. खास बात ये है कि खान ब्रदर्स यानी सरफराज और मुशीर दोनों टीम में हैं, जिनके साथ हिटमैन रंग जमाते दिखेंगे.
रोहित शर्मा पहले ही ये साफ कर चुके थे कि विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के लिए वो उपलब्धत रहेंगे. जानकारी के अनुसार रोहित सिर्फ 2 मैचों के लिए ही मुंबई की टीम का हिस्सा होंगे, क्योंकि उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से जुड़ी तैयारियों पर भी ध्यान देना है, जो जनवरी 2026 में होगी. इसलिए रोहित विजय हजारे ट्रॉफी में 24 दिसंबर को सिक्किम और 26 दिसंबर को उत्तराखंड के खिलाफ मैदान में उतरेंगे.
रोहित के कोच के बेटे को भी जगह मिली
मुंबई की टीम में सिद्धेश लाड को भी जगह मिली है, जो लंबे समय से मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं. ये वही सिद्धेश लाड हैं, जिनके पिता दिनेश लाड रोहित शर्मा के कोच हैं.हार्दिक तामोर और आकाश आनंद के तौर पर 2 विकेटकीपर भी टीम में शामिल हैं.
विजय हजारे ट्रॉफी 2025 के लिए मुंबई की टीम (Mumbai squad for the Vijay Hazare Trophy 2025)
रोहित शर्मा ( 2 मैच खेलेंगे) , शार्दुल ठाकुर (कप्तान), हार्दिक तामोर, मुशीर खान, सरफराज खान, इशान मुलचंदानी, शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, अंगकृष रघुवंशी, तुषार देशपांडे, ओंकार तरमले, सिद्धेश लाड, सिल्वेस्टर डिसूजा, साईराज पाटिल, आकाश आनंद, सूर्यांश शेड्गे.