खरगोन जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर मुकुंदपुरा के पास एक खड़ी कार में पीथमपुर के 40 वर्षीय युवक का शव मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
.
यह घटना बलकवाड़ा थाना क्षेत्र की है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक लावारिस खड़ी कार की पिछली सीट पर शव देखा, जिसके बाद उन्होंने 100 डायल पर सूचना दी। बलकवाड़ा थाना प्रभारी रितेश यादव और मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने कार में शव के पास मिले मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक के परिजनों को सूचित किया। मृतक की पहचान पीथमपुर निवासी सुनील चौकसे (40) के रूप में हुई।
एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने बताया कि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम जांच में जुटी है।