इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर भेड़ों से टकराई बाइक, पति घायल: बुरहानपुर की यातायात पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, हेलमेट पहनने की अपील – Burhanpur (MP) News

इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर भेड़ों से टकराई बाइक, पति घायल:  बुरहानपुर की यातायात पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, हेलमेट पहनने की अपील – Burhanpur (MP) News



बुरहानपुर में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर रविवार को एक दंपत्ति की बाइक भेड़ों से टकरा गई। हादसे में पति के चेहरे पर चोट आई, जबकि पत्नी सुरक्षित रहीं। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने घायल पति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और लोगों से हेलमेट पहनने की अपील की।

.

यह घटना शाहपुर रोड पर हुई, जब दंपत्ति अपनी बाइक से जा रहे थे और अचानक उनके सामने भेड़ें आ गईं। टक्कर के कारण बाइक सवार पति घायल हो गए। गनीमत रही कि उन्हें केवल चेहरे पर चोटें आईं।

उसी दौरान, चालानी कार्रवाई कर रहे यातायात जवान आशीष सिंह तोमर और उनकी टीम ने घायल दंपत्ति को देखा। उन्होंने तुरंत एक चार पहिया वाहन में बैठाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने की अपील की।

अक्सर महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में भेड़ें चराई के लिए मध्य प्रदेश के बुरहानपुर सहित अन्य जिलों में लाई जाती हैं। कई बार इन भेड़ों के कारण सड़कें जाम हो जाती हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

यातायात थाना प्रभारी राजेश बारवाल के अनुसार, बुरहानपुर जिले में हर साल लगभग 400 से अधिक सड़क हादसे होते हैं, जिनमें से 250 से अधिक मामले बाइक दुर्घटनाओं के होते हैं। इन हादसों में बिना हेलमेट वाहन चलाने के कारण गंभीर चोटें और मौतें भी होती हैं। यातायात पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करती है और कई बार हेलमेट भी वितरित किए जाते हैं।



Source link