टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा. टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत USA (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ मैच से करेगी. बता दें कि भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मैच 7 फरवरी को USA (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच 8 मार्च को खेला जाएगा. टीम इंडिया के पास तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने का मौका है. ऐसा इसलिए, क्योंकि भारत को अपने घरेलू मैदानों पर खेलने का एडवांटेज मिलेगा.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जीतकर भारत रच देगा इतिहास
भारत ने साल 2007 में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने तब पाकिस्तान को फाइनल में 5 रन से हराते ही इतिहास रच दिया था और पहली बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया था. इसके बाद भारत ने साल 2024 में अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. भारत ने फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को 7 रन से मात देते ही दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने का कमाल किया था. भारत के पास अब तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने का मौका है. भारत ने अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जीत ली तो वह दो बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड बना देगा.
1. पहली बार कोई देश जीतेगा लगातार 2 टी20 वर्ल्ड कप
भारत ने अगर 2026 टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया तो वह लगातार 2 बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा. भारतीय टीम ने साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का पिछला ही खिताब जीता था. ऐसे में अगर भारत 2026 टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लेता है तो वह लगातार 2 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा. भारत इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप के खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा. दुनिया में अभी तक कोई भी देश लगातार 2 टी20 वर्ल्ड कप जीतने और टी20 वर्ल्ड कप के खिताब का बचाव करने में सफल नहीं हो पाया है.
2. कोई मेजबान देश पहली बार जीतेगा टी20 वर्ल्ड कप
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अभी तक कोई भी मेजबान देश टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने का करिश्मा नहीं कर पाया है. भारत के पास ऐसे में 2026 टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने का मौका है. भारत अगर 2026 टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा कर लेता है, तो वह अपनी मेजबानी में टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने वाला दुनिया का पहला देश होगा. अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के 9 एडिशन बीत चुके हैं, जिसमें भारत (2 बार), इंग्लैंड (2 बार) वेस्टइंडीज (2 बार), पाकिस्तान (1 बार), श्रीलंका (1 बार) और ऑस्ट्रेलिया (1 बार) टी20 वर्ल्ड चैंपियन बन चुके हैं. हालांकि अभी तक कोई भी देश मेजबान रहते टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी नहीं जीत पाया है.