Last Updated:
India vs Sri Lanka, 1st WT20I: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया. मंधाना टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 4000 रन बनाने वाली भारत की पहली जबकि ओवरऑल दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं. जेमिमा रोड्रिग्स की अर्धशतकीय पारी और स्मृति की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.
नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पांच मैचों की सीरीज के पहले टी20 मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से हरा दिया. भारत की इस जीत में जेमिमा रोड्रिग्स ने अर्धशतक जड़ा जबकि स्मृति मंधाना ने छोटी लेकिन उपयोगी पारी खेली. विशाखापत्तन में खेले गए पहले टी20 मैच में भारत के सामने 122 रन का लक्ष्य था जो उसने 14.4 ओवर में 2 विकेट पर हासिल कर लिया. सीरीज का दूसरा टी20 मैच 23 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा.
भारत की ओर से जेमिमा रोड्रिगस ने सबसे अधिक नाबाद 69 रन बनाए जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 15 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. शेफाली वर्मा पांच गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुईं. स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 25 रन बनाए.
श्रीलंका को छह विकेट पर 121 रन के स्कोर पर रोक दिया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को छह विकेट पर 121 रन के स्कोर पर रोक दिया.जिसमें ओस का भी असर साफ दिखा. लेकिन इसके बावजूद मेहमान टीम की बल्लेबाज ढीली गेंदों का पूरा फायदा नहीं उठा सकीं. श्रीलंका की ओर से सलामी बल्लेबाज विष्मी गुणरत्ने 43 गेंद में 39 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं. उनके अलावा हसिनी परेरा ने 20 और हर्षिता समरविक्रमा ने 21 रन का योगदान दिया. भारतीय गेंदबाज दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और क्रांति गौड़ को एक एक विकेट मिला. बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू ने शुरुआत में ही आक्रामक रुख अपनाया और क्रांति गौड़ की एक साधारण गेंद को चौके के लिए भेजा.
अटापट्टू ने गौड़ की तीन गेंदों में दो चौके जड़ दिए
हाल में भारत के वनडे विश्व कप जीत के अभियान में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहीं दीप्ति (चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट) ने अगले ओवर में शानदार डाइव लगाकर लगभग तय चौके को एक रन में बदल दिया. इसके बाद अटापट्टू ने गौड़ की तीन गेंदों में दो चौके जड़ दिए. बाएं हाथ की बल्लेबाज अटापट्टू के आक्रामक खेल को देखते हुए गौड़ ने ‘अराउंड द विकेट’ गेंदबाजी की. और गौड़ को एंगल में बदलाव का फायदा मिला. उनकी गेंद बल्ले और पैड के बीच से निकलते हुए स्टंप्स से जा टकराई जिससे भारत को पहली सफलता मिली.
वैष्णवी शर्मा ने शानदार डेब्यू किया
हसिनी परेरा ने गौड़ की गेंद पर डीप फाइन लेग की दिशा में खेलते हुए एक चौका लगाया जिसके बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पावरप्ले के अंदर ही दीप्ति शर्मा को गेंद सौंप दी. हसिनी ढीली गेंदों का फायदा नहीं उठा सकीं जिससे दीप्ति ने अपना पहला ओवर मेडन फेंका. पावरप्ले के अंत तक श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 31 रन था. बाएं हाथ की स्पिन साथी श्री चरणी की तुलना में काफी धीमी गेंदबाजी करते हुए पदार्पण करने वाली वैष्णवी शर्मा (चार ओवर में 16 रन) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने करियर की शुरुआत किफायती स्पैल से की. 20 वर्षीय वैष्णवी ने अपने पहले ओवर में सिर्फ तीन रन दिए.
श्री चरणी का मैदान पर दिन खराब रहा
हसिनी ने श्री चरणी की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलते हुए एक चौका लगाया. अगले ओवर में श्री चरणी ने शॉर्ट फाइन लेग पर उनका एक आसान कैच छोड़ दिया जिससे श्रीलंकाई बल्लेबाज को जीवनदान मिला. अगर वह कैच पकड़ा जाता तो वैष्णवी को अपने करियर का पहला विकेट मिल जाता. हालांकि तेजी से रन बनाने की कोशिश में हसिनी अगले ओवर में आउट हो गईं. वह दीप्ति की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में गौड़ को कैच थमा बैठीं. धीरे-धीरे ओस बढ़ रही थी और भारतीय गेंदबाजों को गेंद पकड़ने में दिक्कत हो रही थी. इसके बावजूद उन्होंने गेंद पर शानदार नियंत्रण दिखाते हुए पहले 10 ओवर में श्रीलंका को दो विकेट पर 55 रन तक सीमित रखा. श्री चरणी का मैदान पर दिन खराब रहा और उन्होंने अरुंधति रेड्डी की गेंद पर हर्षिता समरविक्रमा का भी कैच टपका दिया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें