Last Updated:
Ather Energy ने 1 जनवरी 2026 से स्कूटर की कीमतें 3,000 रुपये तक बढ़ाने का ऐलान किया है. दिसंबर तक ‘इलेक्ट्रिक दिसंबर’ कैंपेन में कई फायदे मिलेंगे. एथर एनर्जी ने भारत में कम वक्त में खुद को एक पॉपुलर इलेक्ट्रिक स्कूटर ब्रांड के तौर पर स्टैब्लिश कर लिया है. कंपनी का रिज्टा स्कूटर कम वक्त में 1 लाख से ज्यादा घरों तक अपनी पहुंच बना चुका है.
नई दिल्ली. एथर एनर्जी ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगी. इस बदलाव के बाद अलग-अलग मॉडल्स की कीमतें 3,000 रुपये तक बढ़ जाएंगी. कंपनी के मुताबिक, कच्चे माल की वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी, विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव और प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की कीमतें बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है. जो ग्राहक एथर स्कूटर खरीदने की योजना बना रहे हैं, वे दिसंबर के अंत तक मौजूदा कीमतों पर स्कूटर खरीद सकते हैं.
‘इलेक्ट्रिक दिसंबर’ कैंपेन
साल के अंत में चल रहे ‘इलेक्ट्रिक दिसंबर’ कैंपेन के तहत एथर चुनिंदा शहरों में 20,000 रुपये तक के फायदे दे रहा है. इसमें क्रेडिट कार्ड ईएमआई पर तुरंत छूट, कैश इंसेंटिव और Eight70 प्रोग्राम के तहत चुनिंदा मॉडल्स पर आठ साल की एक्सटेंडेड बैटरी वारंटी मुफ्त में दी जा रही है. इसके अलावा, कई लेंडर्स के जरिए फाइनेंसिंग सपोर्ट भी मिल रहा है.
एथर का मौजूदा पोर्टफोलियो
एथर का मौजूदा पोर्टफोलियो में परफॉर्मेंस पर फोकस करने वाली 450 सीरीज और परिवार के लिए बनी रिज्टा इलेक्ट्रिक स्कूटर शामिल है. 450 रेंज में मल्टी-मोड ट्रैक्शन कंट्रोल, मैजिक ट्विस्ट रीजेनरेटिव ब्रेकिंग जैसी टेक्नोलॉजी के साथ गूगल मैप्स नेविगेशन, व्हाट्सएप इंटीग्रेशन और डैशबोर्ड पर कॉल व म्यूजिक कंट्रोल जैसे कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं.
रिज्टा की पॉपुलैरिटी
रिज्टा ब्रांड के लिए एक अहम ग्रोथ ड्राइवर बनकर उभरी है, जिसने हाल ही में दो लाख बिक्री का आंकड़ा पार किया है. आराम और प्रैक्टिकलिटी को ध्यान में रखते हुए डिजाइन की गई इस स्कूटर में 56 लीटर तक का स्टोरेज, चौड़ी सीट और बड़ा फ्लोरबोर्ड मिलता है. इसमें SkidControl, Fall Safe, Emergency Stop Signal (ESS) और चोरी व टो अलर्ट जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी दी गई हैं. एथर कम्युनिटी डे 2025 में कंपनी ने रिज्टा Z वेरिएंट के लिए टचस्क्रीन अपग्रेड की घोषणा की थी. एथर स्कूटर्स देशभर में कंपनी के एक्सपीरियंस सेंटर्स के जरिए बेचे जाते हैं और अमेजन व फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध हैं.