हनुमना में यूपी-एमपी बॉर्डर पर एक युवक को ट्रक के गेट पर लटकाकर करीब एक किलोमीटर तक ले गया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक और खलासी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
.
लिफ्ट मांगने पर अचानक बढ़ा दिया ट्रक
फरियादी राजकुमार गुप्ता (51) निवासी वार्ड क्रमांक 04, हनुमना ने पुलिस को बताया कि यह घटना 19 दिसंबर को दोपहर करीब 3 बजे की है। वे पंकज ढाबा के सामने रीवा जाने के लिए खड़े थे। इसी दौरान यूपी की ओर से आ रहे ट्रक (KA34CA 4738) को रोककर उन्होंने लिफ्ट मांगी।
राजकुमार गुप्ता ने बताया कि जैसे ही वे ड्राइवर साइड के पायदान पर चढ़े और चालक से रीवा जाने की बात कही, चालक ने अचानक ट्रक आगे बढ़ा दिया।
एक किलोमीटर तक गेट पर लटका रहा युवक
फरियादी ने बताया कि वह करीब एक किलोमीटर तक ट्रक के गेट पर लटका रहा। बार-बार चालक को रोकने की बात कहने के बावजूद ट्रक नहीं रोका गया। आरोप है कि इस दौरान चालक और खलासी ने गाली-गलौज की और चालक ने मुक्का मारकर जान से मारने की धमकी भी दी।
राहगीर ने बनाया वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल से बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और जांच शुरू की।
चालक और खलासी पर मामला दर्ज
जांच के बाद पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 115(2), 351(3), 3(5) और 125 के तहत मामला दर्ज किया है।
फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में चालक और खलासी की लापरवाही सामने आई है। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
