भारत के महान ओपनर रोहित शर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी में धमाके करने शुरू कर दिए हैं. विजय हजारे ट्रॉफी में बुधवार को सिक्किम के खिलाफ जयपुर में खेले गए मैच में रोहित शर्मा ने 94 गेंद पर 155 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर मुंबई को 8 विकेट से जीत दिलाई. रोहित शर्मा ने इस दौरान 164.89 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 18 चौके और 9 छक्के उड़ाए. रोहित शर्मा ने इस दौरान एक प्रचंड वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है.
रोहित शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर की भी बराबरी कर ली है. दरअसल, रोहित शर्मा ने 50 ओवर के फॉर्मेट में नौवीं बार 150+ रन की पारी खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने भी 50 ओवर के फॉर्मेट में 9 बार 150+ रन की पारी खेलने का कमाल किया था. इसके अलावा सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और क्रिस गेल ने 5-5 बार 50 ओवर के फॉर्मेट में 150+ रन की पारी खेलने का कारनामा किया था.
94 गेंद पर 155 रन जड़कर मचाई तबाही
रोहित शर्मा अपनी पारी की शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए थे. रोहित शर्मा ने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद रोहित शर्मा ने शतक पूरा करने के लिए अगले 50 रन बनाने में 35 और गेंदें लीं. रोहित शर्मा ने 62 गेंद में 8 चौके और 8 छक्के लगाकर शतक पूरा किया. यह रोहित शर्मा का 37वां लिस्ट ए शतक था. ‘हिटमैन’ इसके बाद और भी खतरनाक हो गए. रोहित शर्मा अंत में 94 गेंद पर 155 रन बनाकर आउट हुए.
दिग्गजों की लिस्ट में शामिल
रोहित शर्मा अक्टूबर 2018 के बाद से अब विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में रोहित शर्मा छठे नंबर पर हैं, उनसे ऊपर सिर्फ सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, ग्राहम गूच, ग्रीम हिक और कुमार संगकारा हैं. बता दें कि इस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सिक्किम की टीम ने 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 236 रन बनाए. इसके जवाब में मुंबई ने 30.3 ओवरों में जीत दर्ज कर ली.