.
13 दिसंबर की दोपहर जब मध्य प्रदेश पुलिस की लेडी कॉन्स्टेबल काजल (बदला हुआ नाम) के पास यह फोन आया तो एक पल के लिए उसे लगा कि यह कोई मजाक है, मगर फोन के दूसरी तरफ की आवाज में गंभीरता थी और जो जानकारी दी जा रही थी, उसने काजल के पैरों तले जमीन खिसका दी।
कुछ महीने पहले ही उसने एक सरकारी अफसर से बड़े धूमधाम से शादी की थी और इंदौर में एक खुशहाल भविष्य के सपने देख रही थी। उसे अपने पति से जुड़े किसी भी आपराधिक मामले की भनक तक नहीं थी। काजल ने जब अपने स्तर पर पूरे मामले का इन्वेस्टिगेशन किया तो पता चला कि जिसके साथ उसने सात फेरे लिए, वह पहले ही पांच और लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुका है।
काजल ने भी अब अपने ही कथित पति के खिलाफ इंदौर के संयोगितागंज थाने में रेप की छठी शिकायत दर्ज कराई है। आखिर कौन है यह शख्स और कैसे इसने एक साथ पांच जिंदगियों को बर्बाद किया… पढ़िए रिपोर्ट
मेट्रिमोनियल साइट से शुरू हुई धोखे की कहानी काजल की मुलाकात रमन (बदला हुआ नाम) से इसी साल मार्च में एक मेट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई थी। रमन ने अपनी प्रोफाइल में खुद को फूड सेफ्टी ऑफिसर बताया था। एक प्रतिष्ठित सरकारी नौकरी, अच्छा व्यवहार और खुद को उसी समाज का बताने के कारण काजल और उसके परिवार को यह रिश्ता पहली नजर में पसंद आ गया।
दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला मुलाकातों में बदला और जल्द ही रमन ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब काजल के परिवार ने रमन के परिवार से मिलने की बात की तो उसने बहाना बनाया कि उसके परिजन अभी इस शादी के लिए राजी नहीं हैं, लेकिन वह काजल के बिना नहीं रह सकता और जल्द से जल्द शादी करना चाहता है।
प्यार में अंधी काजल और उसके परिवार ने रमन की बातों पर भरोसा कर लिया और इंदौर के एक महंगे गार्डन में दोनों की शादी कर दी।

कोर्ट के एक फोन ने खोला राज, सामने आई दूसरी पत्नी 13 दिसंबर को कोर्ट से आए फोन ने काजल की बसी-बसाई दुनिया उजाड़ दी। घबराई हुई काजल जब इंदौर जिला कोर्ट पहुंची। वहां उसे जो पता चला, वह किसी बुरे सपने से कम नहीं था। अधिकारियों ने उसे बताया कि उसके पति रमन को दो साल पुराने रेप के एक मामले में दोषी पाया गया है। उसे 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है।
जब काजल ने मामले की पड़ताल की तो परत दर परत ऐसे राज खुले, जिसने उसे झकझोर कर रख दिया। यह केस रमन की एक और पत्नी अंजना (बदला हुआ नाम) ने दर्ज कराया था। अंजना ने रमन पर न केवल रेप का, बल्कि सच्चाई छिपाकर शादी करने और धोखाधड़ी का भी आरोप लगाया था।
वह केस जिसने सलाखों के पीछे पहुंचाया इंदौर की रहने वाली अंजना की कहानी भी लगभग काजल जैसी ही थी। उसकी मुलाकात भी रमन से एक मेट्रिमोनियल एप के जरिए हुई थी। रमन ने यहां भी खुद को अविवाहित और फूड इंस्पेक्टर बताया था। सरकारी अफसर और समाज का लड़का होने के कारण अंजना के परिवार को भी यह रिश्ता परफेक्ट लगा।
दोनों परिवारों की मौजूदगी में 17 जून 2022 को इंदौर के आर्य समाज मंदिर में उनकी शादी करा दी गई। शादी के बाद अंजना जब रमन के साथ राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित उसके घर गई तो कुछ ही दिनों में उसकी खुशियों पर ग्रहण लग गया। उसे पता चला कि रमन पहले से शादीशुदा है। जब अंजना ने इस बारे में सवाल किया तो रमन ने उसके साथ मारपीट की और धमकाया।
उसने कुछ दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाया कि पहली पत्नी से उसके तलाक का केस चल रहा है। जल्द ही फैसला आ जाएगा। महीनों बीत गए, लेकिन तलाक नहीं हुआ। जब अंजना ने यह बात अपने परिवार को बताने की धमकी दी तो रमन ने उसे फिर पीटा। उसका मोबाइल फोन छीनकर उसे बाहरी दुनिया से लगभग काट दिया।

मोबाइल फोन से खुला राज, एक नहीं, चार शादियां मामला दर्ज होने के बाद अंजना मई 2023 में इंदौर आकर किराए के कमरे में रहने लगी। रमन भी कुछ दिन उसके साथ रहा, लेकिन फिर परिवार की बीमारी का बहाना बनाकर वापस चला गया। जुलाई 2023 में जब वह इंदौर लौटा तो अंजना ने तलाक को लेकर उससे बात की। इस पर रमन ने फिर से उसके साथ मारपीट की।
उस रात जब रमन सो रहा था, अंजना ने हिम्मत कर उसका मोबाइल फोन चेक किया। फोन के अंदर जो सबूत छिपे थे, वे अंजना के होश उड़ाने के लिए काफी थे। उसे पता चला कि रमन ने उससे शादी करने से पहले ही चार और शादियां की थीं और उसके तीन बच्चे भी थे। यही नहीं, उसने अप्रैल 2023 में एक और शादी की थी, यानी अंजना उसकी पांचवीं पत्नी थी।
जब अंजना ने सुबह रमन से इन शादियों के बारे में पूछा तो उसने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। उसने अंजना के साथ मारपीट की, जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसके भाई को जान से मारने तथा उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद अंजना ने हिम्मत नहीं हारी। उसने पूरी घटना अपने भाई और भाभी को बताई।
22 नवंबर 2023 को इंदौर के हीरा नगर थाने में रमन के खिलाफ रेप, अप्राकृतिक यौन संबंध, धोखाधड़ी और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया।

एक ही पैटर्न, छह महिलाएं शिकार पुलिस जांच में सामने आया कि रमन का अपराध करने का एक तय पैटर्न था:
- टारगेट: वह मेट्रिमोनियल साइट्स पर सरकारी नौकरी वाले वर की तलाश कर रही युवतियों को निशाना बनाता था।
- पहचान: खुद को फूड इंस्पेक्टर या कोई अन्य बड़ा सरकारी अफसर बताता था।
- भरोसा: युवती के समाज का ही होने का दावा कर भावनात्मक जुड़ाव पैदा करता था।
- दबाव: परिवार से मिलवाने में आनाकानी करता और जल्द शादी करने के लिए दबाव बनाता था।
- शोषण: शादी के बाद दहेज और घर के सामान के नाम पर पैसे ऐंठता। कई महंगे सामान पीड़िताओं के नाम पर किस्तों में खरीद लेता था।
- नियंत्रण: सच सामने आने पर मारपीट, धमकी, मोबाइल छीनना और परिवार से संपर्क खत्म करवा देना उसका हथियार था।
इसी पैटर्न पर उसने एक के बाद एक छह शादियां कीं। उसका यह घिनौना खेल तब उजागर हुआ, जब उसकी पहली पत्नी अपने बच्चों के साथ सामने आई। अंजना के केस में इंदौर कोर्ट ने रमन को रेप का दोषी पाते हुए 10 साल की सजा सुनाई। इस फैसले के बाद जब यह मामला मीडिया में आया तो 18 दिसंबर को उसकी छठी पीड़िता ने भी इंदौर के संयोगितागंज थाने में उसके खिलाफ रेप और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।