Tips And Tricks: सर्दी में गोभी से सब्जी बाजार भर से जाते हैं. पत्ता गोभी या फूलगोभी, लोग चाव से खरीदकर घर लाते हैं, क्योंकि सर्दियों की गोभी में जो स्वाद मिलता है, वो किसी और सीजन में नहीं. लेकिन, कई बार इल्ली लगी या खराब गोभी नुकसान का कारण बन जाती है. फल-सब्जी विशेषज्ञ विपिन पाल के अनुसार, गोभी न केवल सादे खाने में इस्तेमाल होती है, बल्कि मंचूरियन, पकौड़े और अन्य व्यंजनों का आधार भी है.
लेकिन, इल्ली की समस्या आम है, जो फसल को खोखला कर देती है. एक्सपर्ट ने तीन सरल उपाय बताए, जिनसे बाजार से खरीदते समय ही अच्छी गोभी चुनी जा सकती है. इससे न केवल पैसे की बचत होगी, बल्कि स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहेगा. विपिन पाल ने बताया, ठंड के मौसम में गोभी की बिक्री चरम पर होती है, लेकिन किसान इल्ली के हमले से परेशान रहते हैं. इसलिए बाजार में खरीदते समय सतर्क रहें.
जानें धोने का भी तरीका…
इसके लिए दूध जैसी सफेद गोभी चुनें, दाग-धब्बे वाली से बचें. उन्होंने कहा कि ये उपाय घरेलू हैं और हर कोई इन्हें अपना सकता है. गोभी खरीदने के बाद साफ करने का भी एक आसान तरीका है. इसके लिए कुनकुने गर्म पानी में नमक डालकर 10-15 मिनट गोभी को भिगो दें. इससे छोटे-मोटे जीव-जंतु बाहर आ जाते हैं.
इल्ली-मुक्त गोभी चुनने के लिए तीन आसान उपाय
1. रंग से पहचानें: बाजार में गोभी को ध्यान से देखें, जो दूध की तरह चिकनी और पूरी तरह सफेद हो, वही खरीदें. दाग-धब्बे या पीली पड़ चुकी गोभी में इल्ली होने की संभावना अधिक रहती है. विशेषज्ञ कहते हैं कि स्वस्थ गोभी का रंग एकसमान चमकदार होता है.
2. वजन जांचें: गोभी को हाथ में उठाकर तौलें. भारी और मजबूत वजन वाली गोभी अच्छी होती है, क्योंकि इल्ली अंदर से इसे खोखला कर देती है. हल्की या खोखली महसूस होने वाली गोभी से दूर रहें. सलाह दी, “वजन से ही पता चल जाता है कि फसल स्वस्थ है या नहीं.”
3. डंठल की जांच: गोभी की डंठल उलट-पुलटकर देखें. अगर इसमें छोटे-छोटे गड्ढे या छेद दिखें, तो इल्ली ने हमला किया है. साफ और मजबूत डंठल वाली गोभी चुनें. यह तरीका सबसे विश्वसनीय है, क्योंकि इल्ली डंठल से ही अंदर प्रवेश करती है.
एक्सपर्ट ने किसानों को सलाह दी कि जैविक खेती अपनाकर इसे रोका जा सकता है. उपभोक्ताओं के लिए ये टिप्स वरदान साबित होंगी. विपिन पाल ने अंत में कहा, “इन उपायों से नुकसान से बचें. स्वस्थ गोभी से बने व्यंजन परिवार को पसंद आएंगे.”