नई दिल्ली. साल 2025 भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक बड़े बदलाव का साल बनकर आया. एक ओर जहां रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई ली, वहीं दूसरी ओर टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ा सवाल यही था क्या कोई इन दिग्गजों की कमी पूरी कर पाएगा? क्या भारतीय बल्लेबाज़ी वही रुतबा, वही आक्रामकता और वही निरंतरता बरकरार रख पाएगी. लेकिन क्रिकेट को यही खूबसूरत बनाता है. जैसे ही एक युग समाप्त होता है, वैसे ही नए सितारे चमकने लगते हैं. रोहित की टाइमिंग और विराट की भूख भले ही अब मैदान पर न दिखे, लेकिन 2025 में भारतीय बल्लेबाज़ों ने यह साफ कर दिया कि टीम इंडिया की बैटिंग विरासत सुरक्षित हाथों में है.
इस साल भारतीय बल्लेबाज़ों ने दुनिया भर में रन बरसाए कभी विदेशी धरती पर, तो कभी घरेलू मैदानों पर. युवा जोश, अनुभव की समझ और निडर अप्रोच के साथ कुछ बल्लेबाज़ ऐसे उभरे जिन्होंने रनों के मामले में रिकॉर्ड बुक हिला दी और साबित कर दिया कि पोस्ट-रोहित-विराट एरा भी उतना ही खतरनाक हो सकता है. तो आइए जानते हैं उन 5 भारतीय बल्लेबाज़ों के बारे में, जिन्होंने साल 2025 में सबसे ज़्यादा रन बनाकर भारतीय क्रिकेट के नए अध्याय की मजबूत नींव रखी.
1. शुभमन गिल – 1,764 रन
टी-20 टीम से ड्रॉप किए गए भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल साल 2025 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर हैं. शुभमन ने इस साल 35 मैचों में कुल 1,764 रन बनाए, जिसमें 7 शतक और तीन अर्धशतक शामिल है. इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज के दौरान गिल ने 700 से ज्यादा रन बनाकर वर्ल्ड क्रिकेट में तहलका मचा दिया.
2. केएल राहुल – 1,180 रन
साल 2025 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अनुभवी ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल दूसरे नंबर पर हैं. राहुल ने इस साल 24 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 3 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से कुल 1,180 रन बनाए हैं. राहुल ने भारतीय टीम को खासतौर पर टेस्ट मैचों में कई मौकों पर मजबूत आधार दिया.
3. यशस्वी जायसवाल – 916 रन
पिछले साल wtc सर्कल में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल साल 2025 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. यशस्वी ने इस साल 14 मैचों में कुल 916 रन बनाए, जिसमें 4 शतक और 3 अर्धशतक शामिल है. रेड बॉल में जायसवाल का जलवा हर किसी ने देखा पर व्हाइट बॉल में अभी उनको अभी जगह पक्की करनी है.
4. रवींद्र जडेजा – 870 रन
आश्चर्यजनक रूप से साल 2025 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा चौथे नंबर पर हैं. जडेजा ने इस साल 20 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक की मदद से कुल 870 रन बनाए हैं. टेस्ट क्रिकेट में खासतौर पर जडेजा की बल्लेबाजी का लोहा हर किसी ने माना.
5. अभिषेक शर्मा – 859 रन
टी-20 में टीम इंडिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा साल 2025 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं. अभिषेक ने इस साल 21 मैचों में कुल 859 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल है.साल 2025 भारतीय क्रिकेट के लिए रनों का महाकुंभ साबित हुआ. कभी चौकों-छक्कों की बरसात, तो कभी क्लासिक कवर ड्राइव और बेहतरीन टाइमिंग. भारतीय बल्लेबाज़ों ने पूरे साल विपक्षी गेंदबाज़ों की नींद उड़ा दी. नतीजा यह रहा कि 2025 में भारतीय बल्लेबाज़ों का दबदबा पूरी दुनिया ने महसूस किया.