IND W vs SL W: श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय महिला टीम ने जीत की हैट्रिक लगा दी है. टीम इंडिया ने लगातार तीसरे मैच में श्रीलंका को रौंदा और 8 विकेट से जीत दर्ज की. जीत की नायक रेणुका सिंह रही जिन्होंने विकेटों का चौका लगाया, लेकिन उनके मन में शानदार प्रदर्शन के बाद भी टीस रह गई. श्रीलंकाई टीम ताश के पत्तों की तरह ढेर होती नजर आई. रेणुका और दीप्ति ने मिलकर श्रीलंका के 7 बल्लेबाज तो आउट कर दिए लेकिन टीम को समेट नहीं पाईं.
टीम इंडिया ने जीता टॉस
टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारत की तरफ से कसी हुई गेंदबाजी देखने को मिली. श्रीलंका की टीम जैसे-तैसे बोर्ड पर 112 रन टांगने में कामयाब हुई. रेणुका सिंह ने 4 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया जबकि दीप्ति शर्मा ने 3 बल्लेबाज आउट किए. बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा ने 42 गेंद में 79 रन की तूफानी पारी खेली और इनिंग में 11 चौके और 3 छक्के जमाए. हरमनप्रीत कौर ने 21 रन का योगदान देकर टीम को जीत दिलाई. मैन ऑफ द मैच रेणुका रहीं, लेकिन पांच विकेट लेने का सपना अभी भी अधूरा है.
मैच के बाद क्या बोलीं रेणुका?
रेणुका ने मैच के बाद कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं. मुझे सिर्फ चार विकेट मिले लेकिन पांच विकेट लेने के लिए मुझे और मेहनत करनी होगी. मैं हर सीरीज से पहले प्रैक्टिस के लिए NCA जाती हूं. इससे बहुत मदद मिलती है, ताकि मैं अपनी बॉलिंग और फिटनेस पर एक्स्ट्रा काम कर सकूं और मैं वही करती हूं. मैं पिछले 6 महीने से 1 साल से इन पर काम कर रही हूं. मैं इस सीरीज में ऐसा करना चाहती थी, ताकि जब मैं भविष्य में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ या वर्ल्ड कप में खेलूं, तो मेरे स्लोअर वन या किसी और चीज के बारे में कोई शक न रहे और ताकि मैं खुद को मेंटली तैयार कर सकूं.
ये भी पढ़ें.. ‘मुझे वह पल याद है जब..’ स्मृति मंधाना तीसरे T20I मैच में हुई इमोशनल, बताया आगे का प्लान
नहीं खुल पा रहा ‘पंजा’
उन्होंने आगे कहा, ‘अगर मेरा पहला ओवर अच्छा नहीं जाता है, तो मैं सोचती हूं कि मुझे क्या करना है और जब कप्तान अगली बार बॉल फेंकता है तो इस विकेट पर क्या बॉलिंग करनी है. हरमनप्रीत मुझे 5 विकेट लेने के लिए पूरी तरह से मोटिवेट कर रही थी क्योंकि वह भी जानती है कि मुझे हर बार सिर्फ 4 विकेट मिलते हैं. मुझे झूलन (गोस्वामी) दी की बातें याद हैं जब उन्होंने कहा था कि 5 विकेट लेने के लिए तुम्हें और मेहनत करनी होगी। तो मैं यही सोच रही थी 5 विकेट लेने के लिए और मेहनत करनी है.’