Alex Carey: साल 2025 में जिन खिलाड़ियों ने टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बटोरे हैं, उनमें ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बैटर एलेक्स कैरी का नाम भी शुमार है. ये खिलाड़ी साल 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला दुनिया का 5वां बल्लेबाज हैं, लेकिन हम यहां इस रिकॉर्ड की बात नहीं करेंगे, बल्कि उस कमाल की बात करेंगे, जो कैरी ने 20 साल पुराना इतिहास बदलकर कर दिखाया है. जी हां, एशेज सीरीज 2025-26 में कमाल के फॉर्म में चल रहे कैरी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. एलेक्स कैरी एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के दूसरे विकेटकीपर बैटर बन गए हैं और उन्होंने महान बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के खास क्लब में धांसू एंट्री की है.
ऑस्ट्रेलिया के लिए एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड एडम गिलक्रिस्ट के नाम है, जिन्होंने 5 बार ये कमाल किया था. गिलक्रिस्ट ने 2001 में 870, 2004 में 837, 2005 में 836, 2002 में 792 रन और 2003 में 714 रन ठोके थे. अब कैरी ने 2025 में कुल 767 रन बनाए और वो एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बैटर बने. बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ऑस्ट्रेलिया के लिए 2005 के बाद यानी एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. मतलब ये कि उन्होंने अपने इस कमाल के दम पर 20 साल का इतिहास बदल दिया.
2025 में एलेक्स कैरी ने क्या किया?
दरअसल, साल 2025 में कैरी ने 11 मैचों में 47.93 की औसत से कुल 767 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 6 फिफ्टी शामिल रहीं. हाई स्कोर 156 रन रहा. वो इस साल ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ट्रेविस हेड (817 रन) के बाद दूसरे बैटर हैं, जबकि पूरे 20 साल बाद बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने में सफल रहे. कैरी ने इस साल श्रीलंका, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका (WTC फाइनल) और इंग्लैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण पारियां खेलीं. खास बात ये भी है कि 2025 के अंत तक वह ICC टेस्ट रैंकिंग में टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में भी एंट्री कर चुके हैं.
एक कैलेंडर ईयर में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर
870- एडम गिलक्रिस्ट, 2001
837- एडम गिलक्रिस्ट, 2004
836- एडम गिलक्रिस्ट, 2005
792- एडम गिलक्रिस्ट, 2002
767- एलेक्स कैरी, 2025
714- एडम गिलक्रिस्ट, 2003
एशेज सीरीज 2025-26 में दिखा जलवा
एलेक्स कैरी ने एशेज सीरीज 2025-26 के 4 मैचों में 48.50 की औसत से कुल 291 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 2 फिफ्टी शामिल हैं. वो ट्रेविस हेड के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. हालांकि चौथे मैच में उनका बल्ला नहीं चला. पहली पारी में 20 जबकि दूसरी पारी में सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. यह मुकाबला मेलबर्न में चल रहा है, जिसमें कंगारू टीम ने इंग्लैंड को 175 रनों का टारगेट दिया है. ऑस्ट्रेलिया पहले ही सीरीज को 3-0 से नाम कर चुकी है. देखना होगा चौथा मुकाबला कौन जीतता है.
ये भी पढ़ें: 11 छक्के 5 चौके…IPL 2026 से पहले गरजा MI के घातक खिलाड़ी का बल्ला, रोहित शर्मा के संग बिखेरेगा जलवा