मऊगंज में शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने जिलेभर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। दोपहर से लेकर देर शाम करीब 8 बजे तक चली इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले 19 वाहन चालकों के चालान काटे गए।
.
पुलिस ने इन चालान के माध्यम से कुल 25 हजार 300 रुपए का समन शुल्क वसूला। इसके साथ ही, शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ‘नो एंट्री’ में घुसने वाले ट्रक चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
चालान के साथ जागरूकता पर भी जोर
यातायात प्रभारी नरेश प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों की मानसिकता में बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सड़कों पर वाहन चालकों के बीच अनुशासन बढ़ा है और लोग अब अपनी सुरक्षा के प्रति स्वयं अधिक सतर्क नजर आ रहे हैं।
कोहरे को लेकर विशेष सावधानी की सलाह
वर्तमान मौसम को देखते हुए यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों को विशेष हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि कोहरे और धुंध के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बढ़ जाता है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि धुंध के दौरान वाहन की गति धीमी रखें। हेडलाइट और इंडिकेटर का सही उपयोग करें। बहुत जरूरी होने पर ही खराब मौसम में बाहर निकलें।
कार्रवाई का सिलसिला रहेगा जारी
यातायात विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह का सख्त अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का स्वेच्छा से पालन करने की अपील की है।