ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैच महज 2 दिन में ही खत्म हो गया. जिसके बाद पिच को लेकर जमकर बवाल देखने को मिल रहा है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और एथरटन ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट की पोल खोली. उन्होंने पूरा गणित समझाया कि अब ऑस्ट्रेलिया को इससे कितना नुकसान होगा. पिच पर छोड़ी गई 10mm घास के कारण MCG में छह सेशन में 36 विकेट गिरे. इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को मेलबर्न में 4 विकेट से रौंदकर 14 साल का इंतजार खत्म कर दिया.
शेन वॉर्न को किया याद
नासिर हुसैन ने शेन वॉर्न को याद किया. उन्होंने स्काई स्पोर्ट्स पर कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि महान शेन वार्न को यह सही लगता और मुझे नहीं लगता कि स्पिन बिल्कुल न होना और सतह में इतना मूवमेंट होना स्वीकार्य है. यह कभी-कभी हंसी का मुद्दा था. यह रोमांचक हो सकता है, लेकिन कुछ पारंपरिक लोग हैं जिन्हें उतार-चढ़ाव और धीमी गति पसंद है. यह धीमा नहीं था, यह फास्ट-फॉरवर्ड था और हमारे पास T10, T20, द हंड्रेड के माध्यम से पहले से ही काफी कुछ है.’
किसी भी बल्लेबाज ने नहीं ठोकी फिफ्टी
तेज गेंदबाजों ने हरी पिच पर मैच में सभी 142 ओवर फेंके, जहां कोई भी बल्लेबाज पचास रन तक नहीं पहुंच पाया. उम्मीद है कि इससे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) को टिकट रिफंड और मर्चेंडाइज, भोजन और पेय बिक्री के मामले में राजस्व नुकसान के रूप में लाखों डॉलर का नुकसान होगा. पूर्व क्रिकेटर एथरटन ने कहा कि ‘MCG की पिच ने एक असंतोषजनक नजारा पेश किया. यह खतरनाक नहीं था और यह दोनों पक्षों के लिए इस मायने में निष्पक्ष था कि यह बदला नहीं. यह एक मुश्किल पिच पर शूट-आउट था. लेकिन नजारे के मामले में, यह असंतोषजनक है.’
ये भी पढे़ं: 6 सेशन में 36 विकेट.. बल्लेबाजों की कब्रगाह बनी पिच, वॉन ने इशारे से की गजब बेइज्जती
90 हजार लोगों के पास टिकट
उन्होंने आगे कहा, ‘गेम में स्पिन का एक भी ओवर नहीं फेंका गयाऔर 90,000 लोग हैं जिनके पास तीसरे दिन के टिकट हैं, इसलिए इससे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को बहुत अधिक नुकसान होने वाला है. खिलाड़ियों ने यह भी कहा कि पिच पर खेलने का एकमात्र तरीका गैर-पारंपरिक तरीके से खेलना है, इसलिए हर तरह के कारणों से, यह एक असंतोषजनक एहसास है.’