नए साल पर मिलेगा फ्री गैस कनेक्शन, उज्ज्वला योजना 3.0 में ये नए लाभ

नए साल पर मिलेगा फ्री गैस कनेक्शन, उज्ज्वला योजना 3.0 में ये नए लाभ


Last Updated:

Sidhi News: सरकार ने अब उज्ज्वला योजना में नए फायदे जोड़ते हुए फ्री गैस सिलेंडर, मुफ्त गैस चूल्हा और हर रिफिल पर 300 रुपये का अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

सीधी. मध्य प्रदेश की महिलाओं को नए साल से पहले बड़ा तोहफा मिला है. दरअसल भारत सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत देशभर में 25 लाख नए निशुल्क घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन स्वीकृत किए हैं. इस योजना का उद्देश्य गरीब, वंचित और अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों की महिलाओं को स्वच्छ और सुरक्षित रसोई ईंधन उपलब्ध कराना है, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार हो सके. उज्ज्वला योजना 3.0 की विस्तृत जानकारी देने के लिए सीधी कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन जबलपुर के डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम) समीर शुक्ला ने योजना के लाभों की जानकारी दी. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देश पर जनजाति बहुल जिलों में उज्ज्वला योजना 3.0 को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में की गई थी, जिसका लक्ष्य गरीब परिवारों की महिलाओं को बिना किसी जमा राशि के एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराना था. अब तक देशभर में 10 करोड़ 33 लाख से अधिक गैस कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं.

समीर शुक्ला ने आगे कहा कि उज्ज्वला योजना केवल रसोई गैस वितरण तक सीमित नहीं है बल्कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम है. परंपरागत ईंधन जैसे लकड़ी, उपले और कोयले के धुएं से मुक्ति मिलने से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. इसके साथ ही घरेलू वायु प्रदूषण में कमी आई है और वनों की कटाई पर भी सकारात्मक असर पड़ा है.

हर रिफिल पर 300 रुपये की सब्सिडी
उन्होंने कहा कि ईंधन संग्रह में लगने वाला समय बचने से महिलाएं अब शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और परिवार की बेहतर देखभाल पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं, जिससे उनका सामाजिक और आर्थिक स्तर मजबूत हुआ है. सीधी जिले के भारत गैस एजेंसी की ऑपरेटर सुमन तिवारी ने लोकल 18 को बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत वे महिलाएं पात्र होंगी, जिनके घर में पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन नहीं है. योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं से होने वाली बीमारियों से बचाना और उन्हें स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना है. सरकार ने अब योजना में नए लाभ जोड़ते हुए फ्री गैस सिलेंडर, मुफ्त गैस चूल्हा और हर रिफिल पर 300 रुपये की सब्सिडी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड या परिवार संरचना प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण और स्व-घोषणा पत्र आवश्यक होंगे. इच्छुक महिलाएं नजदीकी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर, पीएम उज्ज्वला योजना की आधिकारिक वेबसाइट या कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

homemadhya-pradesh

नए साल पर मिलेगा फ्री गैस कनेक्शन, उज्ज्वला योजना 3.0 में ये नए लाभ



Source link