2 दिन में गिरे 36 विकेट और खत्म हो गया टेस्ट, अब आया मेलबर्न के पिच क्यूरेटर का शॉकिंग रिएक्शन

2 दिन में गिरे 36 विकेट और खत्म हो गया टेस्ट, अब आया मेलबर्न के पिच क्यूरेटर का शॉकिंग रिएक्शन


ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में खेला गया चौथा एशेज टेस्ट मैच महज दो दिन के अंदर ही खत्म हो गया. इस दौरान दो दिन के अंदर 36 विकेट गिरे और केवल 572 रन बने. इस टेस्ट मैच के दो दिन में खत्म होने के बाद मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) की पिच सवालों के घेरे में है. बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच के दो दिन में खत्म होने के बाद अब मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) के पिच क्यूरेटर का रिएक्शन सामने आया है.

मेलबर्न के पिच क्यूरेटर का शॉकिंग रिएक्शन

बता दें कि इंग्लैंड ने मेलबर्न में यह टेस्ट 32 घंटे से भी कम समय में जीत लिया, जिसमें 142 ओवर में 572 रन पर 36 विकेट गिर गए. दोनों टीमों का कोई भी खिलाड़ी हाफ-सेंचुरी नहीं बना पाया. दो दिन में मेलबर्न टेस्ट समाप्त होने की वजह से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को 96 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) के चीफ पिच क्यूरेटर मैट पेज भी काफी हैरान दिखे. मैट पेज ने निराशा जताई और कहा कि बॉक्सिंग-डे टेस्ट दो दिन में खत्म होता देख मैं हैरान हूं. मैट पेज ने रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड से बाहर पत्रकारों से बात करते हुए पिच तैयार करते समय आई चुनौतियों के बारे में बताया और नतीजे पर अपनी निराशा जताई. उन्होंने कहा, ‘हम साफ तौर पर बहुत निराश हैं. हम इससे सीखेंगे और बेहतर होंगे.’

Add Zee News as a Preferred Source


पहले से ज्यादा मजबूत होकर वापस आएंगे

MCG के चीफ पिच क्यूरेटर ने कहा, ‘हम यह तय करेंगे कि अगले साल ऐसा न हो. पहले दिन जो कुछ भी हुआ उसे देखकर मैं शॉक में था. एक दिन में 20 विकेट, मैं पहले कभी ऐसे टेस्ट मैच में शामिल नहीं हुआ और उम्मीद है कि फिर कभी ऐसे टेस्ट मैच में शामिल नहीं होऊंगा. दो दिनों तक सब कुछ होते देखना एक रोलरकोस्टर राइड जैसा था, लेकिन हम इससे सीखेंगे. हम इसमें बेहतर होंगे, ठीक वैसे ही जैसे हम पिछले कुछ सालों में करते आए हैं. मुझे कोई शक नहीं है कि हम पहले से ज्यादा बड़े, बेहतर और मजबूत होकर वापस आएंगे.’

‘पिच साफ तौर पर बॉलर्स के पक्ष में थी’

मेलबर्न क्रिकेट क्लब के चीफ स्टुअर्ट फॉक्स ने बॉक्सिंग डे टेस्ट पर निराशा जाहिर करते हुए कहा कि पिच साफ तौर पर बॉलर्स के पक्ष में थी और बैटर्स के लिए कुछ भी नहीं था. स्टुअर्ट फॉक्स ने कहा, ‘पिच की खराबी के बावजूद हम क्यूरेटर मैट पेज और उनकी टीम के साथ खड़े हैं. हम आठ साल पहले मैट को लाए थे, क्योंकि उन्हें देश के सबसे अच्छे क्यूरेटरों में माना जाता है. उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है. उन्होंने और उनकी टीम ने इसे ठीक करने के लिए बहुत मेहनत की. आप देख सकते हैं कि वह आज निराश हैं. वह यह जिम्मेदारी उठाते हैं और एक लीडर के तौर पर मेरा काम लोगों को सपोर्ट करना है.’



Source link