Abhishek Sharma: टीम इंडिया के उभरते हुए सितारे और विश्व के नंबर-1 T20I बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पिछले कुछ समय से गेंदबाजों के लिए काल साबित हुए हैं. अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक भारतीय टीम के सबसे अहम हथियार साबित हो सकते हैं. फिलहाल वो घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी के जरिए मेगा इवेंट की तैयारियों में जुटे हैं. रविवार को प्रैक्टिस के दौरान अभिषेक शर्मा सिर्फ छक्कों में डील करते दिखे और एक घंटे में लगभग 45 छक्के जड़कर सनसनी मचा दी.
विजय हजारे ट्रॉफी में अगले मुकबले से पहले अभिषेक शर्मा ने पंजाब से सिर्फ न्यूजीलैंड ही नहीं बल्कि दुनियाभर के गेंदबाजों को ‘क्लियर एंड कट’ संदेश भेजा है. उन्होंने बता दिया कि उनका इरादा सिंगल-डबल लेने का नहीं… बल्कि सिर्फ गेंद को आसमान में भेजने का है. जयपुर के बाहरी इलाके में स्थित अनंतम क्रिकेट ग्राउंड पर लगभग एक घंटे तक मानो अभिषेक ये भूल गए कि क्रिकेट में सिंगल-डबल भी कुछ होता है.
अभिषेक शर्मा ने मारे 45 छक्के
अभिषेक शर्मा ने एक सत्र में कम से कम 45 छक्के जड़े, जो नियमित अभ्यास की बजाय एक विशेष ड्रिल जैसा लग रहा था. उनका मकसद साफ था, ग्रिप और तेज टर्न देने वाली पिच पर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ अटैक करना. गेंदबाज रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन अभिषेक सिर्फ छक्के से बात करने के मूड में थे. बाद में उनकी क्षमता को और परखने के लिए नेट की व्यवस्था में कुछ बदलाव किए गए, जिसमें गलत समय पर खेले गए शॉट्स पर दंड देने के लिए शॉर्ट एक्स्ट्रा कवर पर एक फील्डिंग नेट लगाया गया. अभिषेक एक बार इस जाल में फंस गए, लेकिन उन्होंने तुरंत सुधार किया और स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाने के लिए सीधे शॉट खेलने का विकल्प चुना.
हेड कोच भी हुए हैरान
इनसाइड-आउट शॉट इतनी बार दोहराया गया कि टीम के मुख्य कोच संदीप शर्मा ने पंजाबी में मजाक में कहा, ”तू अपनी सेंचुरी पूरी करन लाई एक्स्ट्रा कवर दे ऊपर ही छक्के मारना चौंदा ऐ (तुम एक्स्ट्रा कवर के ऊपर छक्के मारकर ही अपनी सेंचुरी पूरी करना चाहते हो).” इस फॉल्स शॉट के लिए शॉर्ट एक्स्ट्रा कवर पर एक लाल फील्डिंग नेट लगाया गया था, जहां आमतौर पर बल्ले का मुंह उन गेंदों के खिलाफ बंद हो जाता है जो रुकती हैं और देर से आती हैं.
ये भी पढ़ें: 120 गेंद पर 221 रन… ‘घायल शेरनी’ की तरह दहाड़ीं मंधाना, शेफाली ने भी मचाया गदर, बना दिया भयंकर रिकॉर्ड