दतिया में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहनाजाट गांव के पास रविवार रात एक सड़क हादसे में बिजली टावर निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही हाइड्रा क्रेन ने पैदल जा रहे मजदूर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटन
.
मृतक की पहचान श्यामल वर्मन के रूप में हुई है। वह वेस्ट बंगाल के मालदा जिला का रहने वाला था।
बिजली के साइट पर खाना देकर लौट रहा था
मृतक के दोस्त परितोष ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ ग्राम मोहनाजाट के पास बिजली के टावर लगाने का काम कर रहा था। रविवार रात करीब 8 बजे श्यामल वर्मन, साइट पर खाना देकर पैदल ग्राम मोहनाजाट की ओर लौट रहा था।
गांव के पहले स्थित हॉस्टल के पास कामद रोड पर इंदरगढ़ की ओर से आ रही एक हाइड्रा क्रेन ने उसे तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हाइड्रा क्रेन का नंबर नोट किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सोमवार दोपहर इंदरगढ़ अस्पताल में पीएम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस में मामला दर्ज कर हाइड्रा क्रेन चालक की तलाश शुरू कर दी है।