Dhruv Jurel Century: इन दिनों भारत में विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 की धूम है. नए सीजन का तीसरा मैच खेलने उतरे ध्रुव जुरेल ने बल्ले से तबाही मचा दी. वह रिंकू सिंह की कप्तानी वाली उत्तर प्रदेश टीम का हिस्सा हैं. 29 दिसंबर को बड़ौदा के खिलाफ उनका बल्ला जबरदस्त अंदाज में बोला. जुरेल ने क्रीज पर आते ही चौके-छक्कों की बारिश की और सिर्फ 78 गेंदों में शतक ठोक दिया. फिर अगली 19 गेंदों में 150 रन पूरे किए और 97 गेंदों पर 150 रन ठोक डाले. वह 101 गेंदों पर 160 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने इस विस्फोटक पारी में विरोधी टीम के हर गेंदबाज पर हमला बोला और तबाही मचा दी.
ध्रुव जुरेल ने बड़ौदा के खिलाफ मैदान की सभी दिशाओं में चौके-छक्के बरसाए. वह पहली दफा यूपी के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे. इस नंबर पर उन्होंने अपने वनडे करियर का भी पहला शतक ठोका है. उनकी इस धांसू पारी के दम पर यूपी ने बड़ौदा के खिलाफ 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 359 रन ठोक दिए. उनके अलावा रिंकू सिंह ने 67 गेंदों पर 63 रनों की अहम पारी खेली.
जुरेल ने ऐसे रचा इतिहास
ध्रुव जुरेल की यह पारी इसलिए खास रही, क्योंकि यह उनके लिस्ट ए यानी वनडे करियर का सबसे बड़ा स्कोर है. यह उनके लिस्ट ए करियर की पहली सेंचुरी भी है. इससे पहले ध्रुव का बेस्ट स्कोर 80 रन था. इस मुकाबले से पहले तक उन्होंने 12 मैच खेलकर लिस्ट ए में 4 फिफ्टी के दम पर 336 रन बनाए थे. यह वही जुरेल हैं, जो आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं और भारत के लिए टेस्ट में जलवा दिखा चुके हैं. फिलहाल नेशनल टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में गर्दा उड़ा रखा है.
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में रन मशीन बने ध्रुव
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में उनका फॉर्म इतना जबरदस्त है कि वह सीजन के पहले तीन मैचों में लगातार तीसरा 50+ स्कोर बना चुके हैं. 24 दिसंबर को हैदराबाद के खिलाफ पहले मैच में ध्रुव ने 80 रन कूटे थे. फिर 26 दिसंबर को चंडीगढ़ के खिलाफ 67 रन की पारी खेली थी और अब सीधे 160 रन ठोक डाले हैं. उन्होंने बड़ौदा के गेंदबाजों को खूब पीटा. खासकर रासिख सलाम पर ज्यादा अटैक किया. उन्होंने इस गेंदबाज की 14 गेंदों में ही 55 रन बना दिए. राज लिंबानी को 21 गेंदों पर 34 रन मारे, जबकि क्रुणाल पंड्या के खिलाफ 27 गेंदों में 26 रन ही बना पाए.