अंजलि पाटीदार ने राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री में जीता गोल्ड: 6 किलोमीटर दौड़ में हासिल किया पहला स्थान, नेशनल्स में मप्र का प्रतिनिधित्व करेंगी – Khategaon News

अंजलि पाटीदार ने राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री में जीता गोल्ड:  6 किलोमीटर दौड़ में हासिल किया पहला स्थान, नेशनल्स में मप्र का प्रतिनिधित्व करेंगी – Khategaon News


अंजलि पाटीदार ने राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री में गोल्ड मेडल जीता है।

खातेगांव में ग्राम हतनोरी की अंजलि पाटीदार ने रतलाम में हुई 60वीं राज्य स्तरीय अंतर जिला क्रॉस कंट्री एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता है। इस जीत के बाद खातेगांव पहुंचने पर उनका सम्मान किया गया।

.

मध्य प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से रतलाम में रविवार को यह चैंपियनशिप कराई गई थी। इसमें प्रदेशभर से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्ग और दूरी की स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया के नियमों के तहत, इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

6 किलोमीटर दौड़ में हासिल किया पहला स्थान

अंजलि पाटीदार ने अंडर-20 आयु वर्ग की 6 किलोमीटर दौड़ में 19 मिनट 2 सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक जीता।

खातेगांव पहुंचने पर अंजलि और उनके पिता शैलेन्द्र पाटीदार का नगर परिषद अध्यक्ष सारिका नरेंद्र चौधरी और जैन समाज के प्रतिनिधियों ने सम्मान किया। इस अवसर पर जैन समाज कार्याध्यक्ष निखिल रारा, सुशील काला, संदीप पाटनी, मनोज बज सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

स्थानीय लोगों ने दिलाए थे 30 हजार जूते

अंजलि ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण पहले उनके पास दौड़ के लिए उपयुक्त जूते नहीं थे। इस वजह से अभ्यास के दौरान उनके पैरों में दर्द होता था और उनका वर्कआउट समय लगभग 21 मिनट रहता था।

क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा और खातेगांव जैन समाज के सहयोग से उन्हें एक नामी कंपनी के नए रनिंग शूज मिले, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपए है। इन जूतों के मिलने के बाद उनके प्रदर्शन में लगभग 2 मिनट का सुधार आया और पैरों के दर्द से भी राहत मिली।

खातेगांव पहुंचने पर अंजलि और उनके पिता शैलेन्द्र पाटीदार का स्वागत हुआ।

हरियाणा के रोहतक में प्रशिक्षण ले रही हैं

अंजलि वर्तमान में हरियाणा के रोहतक में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वह कन्नौद के शासकीय स्कूल से 12वीं (आर्ट्स) की पढ़ाई कर रही हैं और 2021 से एथलेटिक्स में सक्रिय हैं।

अंजलि की अगली चुनौती 24 जनवरी को झारखंड के रांची में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता है। उनका लक्ष्य वहां प्रथम या द्वितीय स्थान प्राप्त कर आगे एशियन गेम्स तक पहुंचना है। अंजलि ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, विधायक और जैन समाज को देते हुए कहा कि भविष्य में भी उन्हें निरंतर सहयोग का भरोसा मिला है।



Source link