ग्वालियर में नमकीन फैक्ट्री में आग, 4 सिलेंडर फटे: दो लोग घायल, दमकल की टीम ने पाया काबू – Gwalior News

ग्वालियर में नमकीन फैक्ट्री में आग, 4 सिलेंडर फटे:  दो लोग घायल, दमकल की टीम ने पाया काबू – Gwalior News


ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र के इमली नाका इलाके में एक नमकीन फैक्ट्री में आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट से दो लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में रखे सिलेंडरों में विस्फोट हुआ है।

.

दमकलकर्मी शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि इमली नाका स्थित सवारियांधाम कॉलोनी में पुनीत राठौर नमकीन की फैक्ट्री और गोदाम संचालित करते हैं। फैक्ट्री का संचालन निचली मंजिल पर होता है, जबकि ऊपरी मंजिल पर रसोई बनी हुई है। फैक्ट्री में लगभग आधा दर्जन गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आशंका है कि किसी सिलेंडर से गैस रिसाव के बाद अचानक ब्लास्ट हो गया।

आसपास के लोगों के अनुसार, यह घटना रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुई। तेज धमाकों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। एक के बाद एक लगभग तीन से चार धमाके सुने गए। घायलों में फैक्ट्री मालिक पुनीत राठौर के भाई अमित राठौर और पड़ोस में रहने वाली श्रेया अग्रवाल नामक एक लड़की शामिल हैं।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। दमकलकर्मी रामवीर अहिरवार ने बताया कि मौके से तीन फटे हुए सिलेंडर के अवशेष मिले हैं, जबकि 19 किलोग्राम के चार अन्य सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं।

सिलेंडर ब्लास्ट के बाद फैली आग

फैक्ट्री में तेल, नमक, मसाले सहित अन्य सामग्री ने भी आग पकड़ ली थी, जिसकी वजह से आग का विकराल रूप देखने को मिला। इसकी सूचना मिलते ही दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान लगभग चार गाड़ियां पानी की लगाई गईं। फिलहाल टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो।

ग्रामीण डीएसपी चंद्रभान सिंह चढ़ार ने बताया-

गिरवाई थाना क्षेत्र के इमली नाका के पास एक नमकीन की फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई है। आग पर काबू पा लिया गया है। 2 लोग घायल हैं। जिनका इलाज चल रहा है।

QuoteImage



Source link