अनूपपुर में नए साल को लेकर वाहन चेकिंग: ड्रिंक एंड ड्राइव और हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई की गई – Anuppur News

अनूपपुर में नए साल को लेकर वाहन चेकिंग:  ड्रिंक एंड ड्राइव और हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई की गई – Anuppur News


अनूपपुर जिले में नए साल के जश्न के दौरान किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस एक्टिव है। बुधवार शाम 6 बजे से ही सड़कों पर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों, हुड़दंग मचाने वालों और तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई।

.

ट्रैफिक प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि एसपी मोती उर रहमान के आदेश पर यह खास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

चौराहों पर पुलिस की पैनी नजर

नए साल के आगमन से दो दिन पहले ही शहर के मुख्य रास्तों, चौराहों और जिले में एंट्री वाले पॉइंट पर कड़ाई बढ़ा दी गई है। सुरक्षित नया साल सुनिश्चित करने के लिए सामतपुर, अंडरब्रिज तिराहा और अमरकंटक तिराहा जैसे इलाकों में खास चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि हुड़दंगबाजी या ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

जिले में कई जगह पुलिस ने चेकिंग पॉइंट लगाए गए हैं।

नशे में गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई

इस अभियान के दौरान पुलिस ने अब तक तीन ऐसे ड्राइवरों को पकड़ा है जो शराब के नशे में वाहन चला रहे थे। ‘ब्रेथ एनालाइजर’ मशीन से जांच करने पर जब नशा पक्का हो गया, तो पुलिस ने उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज कर उनकी गाड़ियां जब्त कर लीं। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई उन लोगों के लिए एक संदेश है जो नियमों को हल्के में लेते हैं।

सुरक्षित जश्न मनाने की अपील

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों की जान को भी जोखिम में न डालें। पुलिस का कहना है कि लोग शराब पीकर गाड़ी न चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन कर नए साल को खुशी और अनुशासन के साथ मनाएं। आने वाले दिनों में यह निगरानी और भी ज्यादा सख्त कर दी जाएगी।



Source link