शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में बुधवार को शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया। युवक न्यू तहसील के सामने मुख्य सड़क पर जोर-जोर से चिल्ला रहा था और गाली-गलौच कर रहा था, जिससे वहां भीड़ जमा हो गई और सड़क पर आवागमन बाधित हो गया।
.
समझाइश के बाद भी नहीं माना युवक
पुलिस गश्त के दौरान मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत होने के बजाय मारपीट पर उतारू हो गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम नीलेश जाटव (23) निवासी देवनगर, न्यू तहसील के पास, करैरा बताया। पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। बाद में थाने लाकर उसके खिलाफ इस्तगाशा क्रमांक 255/25 में धारा 170, 126 और 135(3)(1) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने निकाला जुलूस
सार्वजनिक शांति भंग करने वालों को सख्त संदेश देने के लिए पुलिस ने आरोपी का कस्बे में जुलूस भी निकाला। इस मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। बताया गया है कि आरोपी पर एआई तकनीक का इस्तेमाल कर अश्लील वीडियो बनाने और उन्हें फेसबुक पर डालने की शिकायत मिली है।
साइबर सेल कर रही जांच
थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि इस मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए, तो आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे फिलहाल शांति भंग करने के मामले में जेल भेज दिया गया।