4 मैच में 3 शतक और 406 रन…भारत को मिला वनडे का खूंखार बल्लेबाज, विजय हजारे ट्रॉफी में मचा रखी है तबाही

4 मैच में 3 शतक और 406 रन…भारत को मिला वनडे का खूंखार बल्लेबाज, विजय हजारे ट्रॉफी में मचा रखी है तबाही


Devdutt Padikkal: भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली वनडे सीरीज का मंच तैयार है. 11 जनवरी से तीन मैचों की यह सीरीज शुरू होगी. न्यूजीलैंड टीम का ऐलान कर चुकी है, जबकि भारतीय टीम का ऐलान होना बाकी है. माना जा रहा है कि बीसीसीआई 3 या 4 जनवरी तक स्क्वाड घोषित कर सकता है. ऐसे में घरेलू क्रिकेट में दमदार फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों की किस्मत चमक सकती है. इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का रोमांच चरम पर है. इस सीजन एक बल्लेबाज ऐसा है, जिसने रनों की बारिश कर रखी है. उसने सेलेक्टर्स का ध्यान मजबूती से अपनी ओर खींचा है. यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल हैं.

रन मशीन बने पडिक्कल

बाएं हाथ के स्टार बैटर देवदत्त पडिक्कल गजब फॉर्म में हैं. वह 4 मैचों में 3 शतक ठोककर कुल 406 रन बना चुके हैं. सबसे पहले उन्होंने झारखंड के खिलाफ 147 रनों की तूफानी पारी खेली, फिर केरल के खिलाफ 124 रन बनाकर अपनी क्लास दिखाई. इसके बाद पुडुचेरी के खिलाफ 113 रन बना डाले. बैक-टू-बैक शतक ठोक उन्होंने यह बता दिया है कि वह 50 ओवर के फॉर्मेट के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने जो तीन शतक लगाए हैं, उनमें यह खास बात रही कि कभी उन्होंने तूफानी अंदाज में शतक ठोका, तो कभी टीम की स्थिति को भांपकर पारी को आगे बढ़ाया.

36 मैचों में 12 शतक और 12 फिफ्टी

देवदत्त पडिक्कल आईपीएल में जलवा दिखा चुके हैं. घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने रनों की बारिश की है. 25 साल के इस खिलाड़ी का लिस्ट-ए रिकॉर्ड भी बेहद शानदार है. उन्होंने अब तक 36 लिस्ट-ए मैचों में 82.56 की औसत से 2477 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं. इतनी कम पारियों में 24 बार 50+ रन बनाना अपने आप में कमाल की बात है.

Add Zee News as a Preferred Source


वनडे डेब्यू का इंतजार खत्म होगा?

अब सवाल यह है कि देवदत्त पडिक्कल का वनडे में डेब्यू कब होगा? वह टीम इंडिया के लिए 2 टेस्ट और 2 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें वनडे में डेब्यू का मौका नहीं मिला है. अब क्रिकेट गलियारों में चर्चा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आने वाली वनडे सीरीज में वह सरप्राइज एंट्री कर सकते हैं. हालांकि यह इतना आसान नहीं होगा, क्योंकि भारत के पास रोहित शर्मा, शुभमन गिल और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे पहले से मजबूत ओपनिंग विकल्प मौजूद हैं. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि देवदत्त पडिक्कल को मौका मिलता है या नहीं?

ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया टीम का हुआ ऐलान, ग्रीन से लेकर मैक्सवेल तक, ये विस्फोटक खिलाड़ी मचाएंगे तबाही



Source link