हरदा जिले में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में दंपती घायल हो गए। रहटगांव थाना क्षेत्र की टेमागांव चौकी के पास हुई इस घटना में उनका एक साल का बेटा सुरक्षित है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
.
जानकारी के अनुसार, रहटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम आमसागर निवासी रामकृष्ण कोरकू अपनी पत्नी लक्ष्मी बाई और एक साल के बेटे आर्या के साथ सोडलपुर मेला देखने गए थे। उनके साथ लक्ष्मी बाई का भाई किशोर भी अपनी बाइक से आया था।
मेला देखने के बाद लक्ष्मी बाई अपने मायके सिवनी मालवा के कामटा जा रही थीं। जब वे बाइक से टेमागांव गोशाला के पास से गुजर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रामकृष्ण और लक्ष्मी बाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, उनका एक साल का बेटा आर्या पूरी तरह सुरक्षित रहा। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।