Last Updated:
Sai Sudharsan injured: भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के बाकी मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. उन्हें पसली में लगी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है. तमिलनाडु का हिस्सा सुदर्शन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट किया है.
नई दिल्ली. पिछले कुछ महीने भारतीय क्रिकेट में चोटों के लिहाज से बेहद खराब रहे हैं. टीम इंडिया के कई स्टार क्रिकेटर चोट के चलते एक्शन से दूर रहे हैं. मौजूदा समय में श्रेयस अय्यर रिकवरी के बाद टीम इंडिया में वापसी की तैयारी में जुटे हुए हैं. अब नए साल की शुरुआत में ही एक और खिलाड़ी के चोटिल होने की खबर सामने आई है. दरअसल, यह नाम साई सुदर्शन का है. साई सुदर्शन को उनकी पसलियों के दाहिनी ओर चोट लगी है, जिसके बाद वह विजय हजारे टूर्नामेंट के बचे मैचों से बाहर हो गए हैं.
साई सुदर्शन को 26 दिसंबर को मध्य प्रदेश के खिलाफ 51 रन की पारी खेलते समय चोट लगी. विकेटों के बीच दौड़ते हुए रन आउट से बचने के लिए उन्होंने डाइव लगाई, इसी दौरान उनकी दाईं पसली में चोट आ गई. इस चोट के बाद सुदर्शन तमिलनाडु के अगले दो मैच नहीं खेल पाए. उन्होंने 29 दिसंबर को कर्नाटक और 31 दिसंबर को झारखंड के खिलाफ होने वाले मैच मिस किए. कर्नाटक वाले मैच के दिन ही वे बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में इलाज के लिए पहुंचे थे.
साई सुदर्शन को पसली में लगी चोट
दरअसल, करीब एक हफ्ते पहले नेट्स में अभ्यास के दौरान गेंद लगने से उन्हें पसली में हल्का दर्द महसूस हुआ था, लेकिन उन्होंने इसे गंभीर नहीं समझा. हालांकि, मैच के दौरान लगी डाइव उनके लिए नुकसानदायक साबित हुई. CT स्कैन में यह पुष्टि हुई है कि उनकी दाईं तरफ की सातवीं पसली में हल्का फ्रैक्चर हुआ है, लेकिन हड्डी अपनी जगह से नहीं हटी है. सुदर्शन का रिहैब शुरू हो चुका है. फिलहाल वे CoE में मेडिकल स्टाफ की निगरानी में लोअर-बॉडी फिटनेस और कंडीशनिंग पर काम कर रहे हैं. पसली को पूरी तरह ठीक होने देने के लिए वे अभी अपर-बॉडी ट्रेनिंग नहीं करेंगे. उम्मीद है कि 7 से 10 दिनों में दर्द कम होने के बाद वे धीरे-धीरे अपर-बॉडी स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग शुरू कर देंगे.
IPL भी कर देंगे मिस?
गुजरात टाइटंस (GT) के लिए राहत की बात यह है कि साई सुदर्शन लंबे समय तक बाहर नहीं रहेंगे. इस तरह के फ्रैक्चर में आमतौर पर सर्जरी की जरूरत नहीं होती, क्योंकि हड्डी टूटी जरूर है लेकिन अपनी जगह से हिली नहीं है. संभावना है कि वे विजय हजारे ट्रॉफी (VHT) और 2025-26 रणजी ट्रॉफी के दूसरे चरण के शुरुआती कुछ मैच मिस कर सकते हैं, लेकिन IPL 2026 के लिए वे पूरी तरह फिट होकर उपलब्ध रहेंगे.
सुदर्शन हाल-फिलहाल टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का हिस्सा रहे हैं. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने छह मैच खेले हैं, जिसमें 11 पारियों में 302 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं. वह वनडे सेटअप का हिस्सा नहीं हैं. हालांकि, वनडे में उन्होंने सीमित मौकों में शानदार प्रदर्शन किया है. तीन मैचों में 63.50 की बेहतरीन औसत से 127 रन बनाए हैं, जिसमें दो फिफ्टी शामिल हैं. घरेलू क्रिकेट में सुदर्शन का रिकॉर्ड शानदार है. फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उन्होंने 39 मैचों में 2591 रन बनाए हैं, जिसमें आठ शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं. वहीं, लिस्ट ए क्रिकेट में वह और भी प्रभावी रहे हैं. लगभग 60 की औसत से उन्होंने 1495 रन बनाए हैं, जिसमें छह शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं. टी20 क्रिकेट में इस युवा बल्लेबाज ने 139 से ज्यादा के अच्छे स्ट्राइक रेट से 2463 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें