Most international runs: क्रिकेट का पहला इंटरनेशनल मैच साल 1844 में अमेरिका और कनाडा के बीच खेला गया था, जो 24 से 26 दिसंबर तक चला था. तब से लेकर अब तक हजारों मुकाबले हो चुके हैं. क्रिकेट के इतिहास में कई खिलाड़ी आए और गुम हो गए, लेकिन नाम उन्हीं का हुआ, जिन्होंने कुछ बड़ा किया. जब हम सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले दिग्गजों की लिस्ट देखते हैं, तो टॉप 5 में 2 भारतीय, 2 श्रीलंकाई और 1 ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज का नाम नजर आता है. इन 5 खिलाड़ियों में से चार संन्यास ले चुके हैं, जबकि एक आज भी क्रिकेट खेल रहा है. जो दिग्गज अभी भी एक्टिव है, वह कोई और नहीं बल्कि विराट कोहली हैं, जो 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में एक बार फिर नजर आएंगे.
विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में रिकॉर्ड बुक में खलबली मचा सकते हैं. वह 42 रन बनाते ही पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा का एक महारिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. यह रिकॉर्ड सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने का है, जिसमें सचिन तेंदुलकर नंबर एक पर हैं. संगकारा दूसरे और विराट कोहली तीसरे नंबर पर हैं. अब अगर कोहली 42 रन बना लेते हैं, तो वह संगकारा को पछाड़ देंगे.
विराट हासिल करेंगे ये उपलब्धि
विराट कोहली ने अब तक 556 इंटरनेशनल मैचों में 52.58 की औसत से 27,975 रन बनाए हैं, जबकि कुमार संगकारा ने 594 मैचों की 666 पारियों में 46.77 की औसत से 28,016 रन बनाए थे. कोहली 42 रन बनाते ही संगकारा से आगे निकल जाएंगे और सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.
सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले टॉप 5 क्रिकेटर
1. सचिन तेंदुलकर (भारत)- 664 मैचों में 34,357 रन
2. कुमार संगकारा (श्रीलंका)- 594 मैचों में 28,016 रन
3. विराट कोहली (भारत)- 556 मैचों में 27,975 रन
4. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)- 560 मैचों में 27,483 रन
5. महेला जयवर्धने (श्रीलंका)- 652 मैचों में 25,957 रन
ये भी पढ़ें: 2026 के पहले ही मैच में सौरव गांगुली का ये रिकॉर्ड ब्रेक करेंगे विराट कोहली, इतिहास रचने से सिर्फ 1 कदम दूर