नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा. इसके लिए BCCI ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. मेहमान टीम पहले ही अपने स्क्वॉड का ऐलान कर चुकी है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया में उपकप्तान श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है, जो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल होने के बाद से बाहर हैं. हालांकि, उनका सीरीज में खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा. उनके अलावा सेलेक्टर्स ने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भी वापसी कराई है. कई स्टार क्रिकेटर्स को जगह नहीं मिली है. चलिए टीम के बारे में जानते हैं.
RO-KO की जोड़ी धूम मचाने को तैयार
प्रचंड फॉर्म में चल रही रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी एक बार फिर वनडे में धूम मचाने को तैयार है. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में ये दोनों बल्लेबाज रनों का अंबार लगाकर भारत को सीरीज जिताने उतरेंगे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में दोनों के बल्ले से खूब रन निकले थे. इसके बाद लंबे समय बाद विजय हजारे ट्रॉफी खेलने उतरे इन दोनों दिग्गजों ने अपनी धांसू फॉर्म को बरकरार रखते हुए शतक ठोके थे.
अय्यर-सिराज की वापसी
वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है. पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल होने के बाद पहली बार अय्यर को टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, उनका सीरीज में खेलना अभी पक्का नहीं है. BCCI ने एक बयान में कहा, ‘श्रेयस अय्यर की उपलब्धता BCCI COE से फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी.’ अय्यर के अलावा मोहम्मद सिराज की वनडे सीरीज में वापसी हुई है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें बाहर रखा गया था. अब टीम इंडिया के पेस अटैक को मजबूती देने के लिए सेलेक्टर्स ने उन्हें टीम में वापस बुलाया है.
भारतीय क्रिकेट टीम
हार्दिक पंड्या को नहीं मिला क्लियरेंस
हार्दिक पांड्या को 10 ओवर के मैच खेलने के लिए इजाजत नहीं मिली है. बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘हार्दिक पांड्या को BCCI COE ने एक मैच में 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए क्लियर नहीं किया है और ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप को देखते हुए, उनके वर्कलोड को मैनेज किया जा रहा है.’ नीतीश कुमार रेड्डी उनकी जगह टीम में हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपनी बॉलिंग का वर्कलोड बढ़ाया है. उन्होने आंध्र के लिए बॉलिंग की शुरुआत भी की थी. जसप्रीत बुमराह को इस सीरीज में आराम दिया गया है, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 की भारतीय टीम का हिस्सा हैं.
ईशान-सैमसन नहीं, पंत हैं बैकअप विकेटकीपर
माना जा रहा था कि दो साल के लंबे समय बाद भारत की टी20 टीम में लौटे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की वनडे टीम में भी वापसी हो सकती है. हालांकि, ऐसा नहीं हुआ है. सेलेक्टर्स ने ऋषभ पंत को बैकअप विकेटकीपर के रूप में इस सीरीज के लिए टीम में चुना है. केएल राहुल विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में टीम की फर्स्ट चॉइस होंगे. संजू सैमसन को भी इस टीम से बाहर हैं.
रुतुराज-शमी को जगह नहीं
व्हाइट बॉल क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे मोहम्मद शमी को एक बार फिर सेलेक्टर्स ने मौका नहीं दिया है. मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में शमी ने बंगाल के लिए खेलते हुए दमदार बॉलिंग से सुर्खियां बटोरीं, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वह वनडे टीम में लौट सकते हैं. हालांकि, ऐसा नहीं हुआ. दूसरी और युवा विस्फोटक बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ भी जगह बनाने में कामयाब नहीं हुए हैं. अय्यर की गैरमौजूदगी में रुतुराज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार बल्लेबाजी करते हए शतक जमाया था. मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक शतक और एक अर्धशतक बनाया है.
VHT में शानदार प्रदर्शन के बाद भी बाहर ये स्टार
विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बावजूद सरफराज खान, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, मोहम्मद शमी, संजू सैमसन और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों को टीम में जगह नहीं मिली है. भारत ने एक स्पेशलिस्ट स्पिनर और दो स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर के स्पिन कॉम्बिनेशन को चुना है, जिसमें कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर अटैक की कमान संभालेंगे. अक्षर को टीम में शामिल न करने से यह संकेत मिलता है कि T20I फॉर्मेट में उप-कप्तान बनने के बाद इस फॉर्मेट में उनकी भूमिका और भी साफ हो सकती है.
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)*, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल.
भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल
पहला वनडे – 11 जनवरी (वडोदरा)
दूसरा वनडे – 14 जनवरी (राजकोट)
तीसरा वनडे – 18 जनवरी (इंदौर)