Australia vs England, 5th Test: एशेज सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे स्टार पेसर मिचेल स्टार्क साल 2026 की शुरुआत में ही इतिहास रच दिया है. ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी टेस्ट में पहला विकेट लेते ही बड़ा कारनामा कर दिया. उन्होंने इंग्लिश ओपनर बेन डकेट को इस सीरीज में 5वीं बार शिकार बनाया और इसके साथ ही साउथ अफ्रीका के पूर्व महान बॉलर डेल स्टेन का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. मिचेल स्टार्क अब अपने घरेलू मैदान पर सबसे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के चौथे तेज गेंदबाज बन गए हैं.
एशेज सीरीज 2025-26 में 3-1 से पीछे चल रही इंग्लैंड टीम ने सिडनी में खेले जा रहे आखिरी टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. शुरुआत में तो बेन डकेट ऑस्ट्रेलियाई पेसर पर हावी दिखे और उनके खिलाफ 6 चौके जड़े, लेकिन अंत में एक बार फिर जीत मिचेल स्टार्क को मिली.
डेल स्टेन से आगे निकले मिचेल स्टार्क
एशेज सीरीज में मिचेल स्टार्क इंग्लिश बल्लेबाजों के लिए काल बने हुए हैं. बाएं हाथ के प्रीमियम फास्ट बॉलर ने सबसे ज्यादा दर्द इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट को दिया है. स्टार्क ने इस शृंखला में 5वीं बार उनका शिकार किया. सिडनी टेस्ट में विकेट का खाता खोलते ही उन्होंने इतिहास रच दिया. अपने घर पर मिचेल स्टार्क अब तक कुल 262 टेस्ट विकेट ले चुके हैं. इस मामले में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 261 विकेट चटकाए थे. इस स्पेशल लिस्ट में इंग्लैंड के पूर्व महान बॉलर जेम्स एंडरसन शिखर पर हैं.
घर पर सबसे अधिक टेस्ट विकेट (तेज गेंदबाज)
जेम्स एंडरसन- 438 विकेट
स्टुअर्ट ब्रॉड- 398 विकेट
ग्लेन मैकग्रा- 289 विकेट
मिचेल स्टार्क- 262 विकेट
डेल स्टेन- 261 विकेट
27 विकेट चटका चुके हैं मिचेल स्टार्क
इंग्लैंड के खिलाफ जारी एशेज सीरीज में मिचेल स्टार्क पहले मुकाबले से ही रंग में दिखे हैं. 38 साल की उम्र में भी उन्होंने शानदार फिटनेस का उदाहरण देते हुए अब तक 27 विकेट झटके हैं. 5 मैचों की शृंखला में सबसे अधिक विकेट लेने के मामले में फिलहाल स्टार्क टॉप पर हैं. दूसरे नंबर पर ब्रायडन कार्स (19) हैं, जो स्टार्क से काफी पीछे हैं.
ये भी पढ़ें: नागिन की तरह लहराई गेंद और गिरे 33 विकेट… इस टीम पर लगा कलंक, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे शर्मनाक कांड!